'मैं पति को शराब पिलाकर बेल्ट से मारना चाहती हूं...' India's Got Latent में साक्षी झा का बयान सुन सन्न रह गए जज
India's Got Latent के नए एपिसोड में Sakshi Jha के विवादित बयान ने इंटरनेट पर बहस छेड़ दी, पति को बेल्ट से मारने की बात पर सभी जजों ने उन्हें जीरो अंक दे दिए.

कॉमेडियन समय रैना के शो 'India's Got Latent' का दूसरा सीजन एक बार फिर सुर्खियों में है. लेकिन इस बार वजह कोई मजेदार परफॉर्मेंस नहीं, बल्कि एक कंटेस्टेंट का विवादित बयान है. बिहार की रहने वाली साक्षी झा ने ऑडिशन के दौरान पुरुषों को लेकर ऐसी बातें कहीं कि मंच पर मौजूद जज ही नहीं, सोशल मीडिया यूजर्स भी हैरान रह गए. नतीजा यह हुआ कि शो के सभी पैनलिस्टों ने उन्हें 0 अंक दे दिए.
'मैं मैन हेटर हूं...' फिर जो बोलीं, सब रह गए हैरान
ऑडिशन के दौरान साक्षी झा ने खुद को "मैन हेटर" बताते हुए कहा कि उन्हें पुरुषों से नफरत है. बातचीत के दौरान जब उनसे उनके जीवन का लक्ष्य पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि शादी के बाद वह अपने पति को शराब पिलाकर बेल्ट से पीटना चाहती हैं. उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अपने पिता और भाई से भी नफरत है. उनकी इन बातों पर शो के होस्ट समय रैना ने दोबारा पूछा कि क्या वह सच में ऐसा करना चाहती हैं. इस पर साक्षी ने जवाब दिया कि यह उनकी "फैंटेसी" है. उनके इस जवाब के बाद मंच पर कुछ पल के लिए सन्नाटा छा गया.
जजों ने दिया जीरो, ऑडियंस ने भी किया रिजेक्ट
शो के नियमों के मुताबिक कंटेस्टेंट पहले खुद को अंक देता है और फिर जज स्कोर देते हैं. साक्षी ने खुद को 10 में से 8 अंक दिए, लेकिन उनके विवादित बयानों से नाराज सभी जजों ने उन्हें 0 अंक दिए. इतना ही नहीं, जब समय रैना ने स्टूडियो में मौजूद दर्शकों से स्कोर पूछे, तो ऑडियंस ने भी एक सुर में '0' चिल्लाकर अपना फैसला सुना दिया. इस तरह साक्षी इस सीजन की पहली कंटेस्टेंट बन गईं जिन्हें हर जज ने जीरो स्कोर दिया.
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
एपिसोड का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर साक्षी झा की जमकर आलोचना हो रही है. कई यूजर्स ने उनके बयान को आपत्तिजनक और हिंसा को बढ़ावा देने वाला बताया. वहीं कुछ लोगों का कहना है कि ऐसे बयान किसी भी जेंडर के खिलाफ हों, उन्हें सामान्य या मनोरंजन के नाम पर स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए. बता दें कि साक्षी झा बिहार की रहने वाली हैं, पेशे से टीचर हैं और सोशल मीडिया पर कंटेंट भी बनाती हैं. हालांकि इस एपिसोड के बाद वह अपनी बातों को लेकर इंटरनेट पर विवादों के केंद्र में आ गई हैं.


