झारखंड में भीषण सड़क हादसा, कंटेनर ने बाइक-ऑटो को रौंदा, 7 की मौत
“चंदवा-चांपी-लोहरदगा मार्ग स्थित डेढ़ टंगवा घाटी में एक अनियंत्रित कंटेनर ने बाइक और ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया. इस दर्दनाक हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत की सूचना है.”

लोहरदगा/चंदवा: झारखंड के लोहरदगा जिले से शनिवार को भीषण सड़क हादसे की दर्दनाक खबर सामने आई है. चंदवा-चांपी-लोहरदगा मार्ग स्थित डेढ़ टंगवा घाटी में एक अनियंत्रित कंटेनर ने बाइक और ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया. इस दर्दनाक हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत की सूचना है.
जानकारी के मुताबिक, लोहरदगा की ओर से आ रहा भारी कंटेनर डेढ़ टंगवा घाटी के तीखे ढलान पर अचानक अनियंत्रित हो गया. इसी दौरान कंटेनर ने सामने से आ रही एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. बाइक पर सवार महिला और बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.
इसके बाद बेकाबू कंटेनर ने सड़क पर जा रहे एक ऑटो को भी जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए. हादसे में ऑटो सवार चार लोगों की भी मौत होने की सूचना है.
एक ही हादसे में बाइक और ऑटो सवार लोगों की मौत से इलाके में हड़कंप मच गया. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव में जुट गए. पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.
फिलहाल हादसे में मृतकों की पहचान और घायलों की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है. प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि के बाद मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी.
डेढ़ टंगवा घाटी में हुए इस भीषण हादसे ने एक बार फिर झारखंड की पहाड़ी और तीखे ढलान वाली सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.


