FIFA World Cup 2026: अर्जेंटीना ने स्विट्जरलैंड को 3-1 से हराया, सेमीफाइनल में इंग्लैंड से होगी भिड़ंत
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में अर्जेंटीना ने एक्स्ट्रा टाइम में स्विट्जरलैंड को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली. निर्धारित समय तक मुकाबला 1-1 से बराबरी पर रहा, लेकिन जूलियन अल्वारेज और लौटारो मार्टिनेज के गोल ने अर्जेंटीना को जीत दिला दी.

FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में लियोनेल मेसी की कप्तानी वाली अर्जेंटीना ने रोमांचक मुकाबले में स्विट्जरलैंड को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है. निर्धारित 90 मिनट तक मुकाबला 1-1 की बराबरी पर रहा, जिसके बाद एक्स्ट्रा टाइम में अर्जेंटीना ने दो गोल दागकर जीत अपने नाम की. इस जीत के साथ अर्जेंटीना अब 16 जुलाई को सेमीफाइनल में इंग्लैंड से भिड़ेगी, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में 15 जुलाई को स्पेन और फ्रांस आमने-सामने होंगे.
90 मिनट तक बराबरी, एक्स्ट्रा टाइम में अर्जेंटीना ने पलटा मैच
कैनसस सिटी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में अर्जेंटीना ने 10वें मिनट में ही बढ़त बना ली. कप्तान लियोनेल मेसी के शानदार कॉर्नर पर एलेक्सिस मैक एलिस्टर ने हेडर के जरिए गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई. पहला हाफ इसी स्कोर पर समाप्त हुआ. दूसरे हाफ में स्विट्जरलैंड ने शानदार वापसी करते हुए 67वें मिनट में डैन नडोए के गोल से मुकाबला 1-1 से बराबर कर दिया. 72वें मिनट में ब्रील एम्बोलो को दूसरा येलो कार्ड मिलने के बाद रेड कार्ड दिखाया गया, जिससे स्विट्जरलैंड को 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा. इसके बावजूद टीम ने मुकाबले को एक्स्ट्रा टाइम तक पहुंचा दिया. एक्स्ट्रा टाइम के 112वें मिनट में जूलियन अल्वारेज ने जोश लोपेज के पास पर गोल कर अर्जेंटीना को बढ़त दिलाई, जबकि इंजरी टाइम (120+1) में सब्स्टीट्यूट लौटारो मार्टिनेज ने तीसरा गोल कर 3-1 से जीत पक्की कर दी.
अब इंग्लैंड से होगी टक्कर, दोनों टीमों का सफर रहा शानदार
इस जीत के साथ अर्जेंटीना ने लगातार दूसरी बार नॉकआउट मुकाबले में एक्स्ट्रा टाइम में जीत दर्ज की और सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया. अब उसका सामना 16 जुलाई को इंग्लैंड से होगा, जिसने क्वार्टर फाइनल में नॉर्वे को 2-1 से हराया था. इंग्लैंड की जीत के नायक जूड बेलिंगहैम रहे, जिन्होंने दो गोल किए. अर्जेंटीना ने ग्रुप चरण में अल्जीरिया, ऑस्ट्रिया और जॉर्डन को हराकर शीर्ष स्थान हासिल किया था. इसके बाद राउंड ऑफ 32 में केप वर्डे और प्री-क्वार्टर फाइनल में मिस्र को हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंची. दूसरी ओर, स्विट्जरलैंड ने ग्रुप बी में शीर्ष स्थान हासिल करने के बाद अल्जीरिया और फिर पेनल्टी शूटआउट में कोलंबिया को हराकर 72 वर्षों बाद क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी. हालांकि इस बार उसका सफर अर्जेंटीना के खिलाफ हार के साथ समाप्त हो गया.

