Diljit Dosanjh की 'Satluj' OTT से हटते ही मचा बवाल, एक्टर बोले- 'मरते दम तक पंजाब के साथ हूं'
Diljit Dosanjh की फिल्म Satluj रिलीज के सिर्फ 2 दिन बाद OTT से हटा दी गई, इस फैसले पर दिलजीत ने खुलकर नाराजगी जताई और कहा, "मरते दम तक पंजाब के साथ हूं," जानिए पूरा विवाद.

सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उनकी फिल्म 'सतलुज' (Satluj), जिसे पहले 'Punjab 95' के नाम से रिलीज किया जाना था, अब नए विवाद में फंस गई है। तीन साल तक सेंसर बोर्ड की प्रक्रिया में अटकी रहने के बाद फिल्म को 3 जुलाई को OTT प्लेटफॉर्म ZEE5 पर रिलीज किया गया, लेकिन महज दो दिन बाद इसे प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया। इसके बाद सोशल मीडिया पर विवाद तेज हो गया और खुद दिलजीत दोसांझ ने इस फैसले पर नाराजगी जाहिर की।
'मुझे पहले से अंदाजा था', OTT से फिल्म हटने पर बोले Diljit Dosanjh
फिल्म हटाए जाने के बाद दिलजीत दोसांझ ने इंस्टाग्राम लाइव के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि उन्हें पहले से ही इस बात का अंदेशा था कि फिल्म के साथ ऐसा हो सकता है. दिलजीत ने कहा कि इसी वजह से उन्होंने फिल्म का प्रचार भी नहीं किया. उनके मुताबिक, सबसे बड़ी बात यह है कि अब लोग जसवंत सिंह खालरा के बारे में चर्चा कर रहे हैं और उनकी कहानी हर घर तक पहुंच रही है. उन्होंने भावुक अंदाज में कहा, "आप मुझे चाहे जितना परेशान कर लें, लेकिन मैं मरते दम तक पंजाब के साथ हूं." दिलजीत ने यह भी कहा कि एक बार कोई फिल्म इंटरनेट पर आ जाए तो उसे पूरी तरह मिटाया नहीं जा सकता.
क्या है 'Satluj' का विवाद?
फिल्म 'सतलुज' मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालरा के जीवन और उनके संघर्ष पर आधारित है. फिल्म 1990 के दशक के उस दौर की कहानी दिखाती है, जब पंजाब में हजारों सिखों के कथित रूप से लापता होने के मामले सामने आए थे. जसवंत सिंह खालरा ने इन मामलों की जांच की और दावा किया कि बड़ी संख्या में लोगों के शवों का अंतिम संस्कार लावारिस बताकर कर दिया गया था. फिल्म इसी संवेदनशील विषय को उठाती है, जिसकी वजह से यह लंबे समय तक विवादों और सेंसर प्रक्रिया में उलझी रही.
फिल्म हटने पर सेलेब्स ने भी उठाए सवाल
फिल्म के OTT से हटने के बाद कई फिल्मी हस्तियों ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी. अभिनेत्री सोनी राजदान ने इस फैसले पर निराशा जताते हुए "Oh No" लिखा. निर्देशक संजय गुप्ता ने भी सवाल उठाते हुए पूछा कि आखिर ऐसा क्यों किया गया. वहीं अभिनेता रणवीर शौरी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि जिस देश की पहचान कहानियों और इतिहास से सीखने की रही है, वहां कहानियों को दबाने की संस्कृति चिंता का विषय है. फिल्म को हटाने की वजह पर फिलहाल OTT प्लेटफॉर्म की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. हालांकि यह मामला अब सोशल मीडिया और फिल्म इंडस्ट्री में चर्चा का बड़ा विषय बन गया है.


