दिलजीत दोसांझ ने CJP पर साधा निशाना, बोले- 'पंजाबियों को लड़ाई मत सिखाओ'; अभिजीत दिपके ने दिया जवाब
दिलजीत दोसांझ ने दिल्ली कॉन्सर्ट में CJP पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाबियों को लड़ना न सिखाएं. वहीं, अभिजीत दिपके ने असहमति के बावजूद उन्हें अपना पसंदीदा कलाकार बताया.

Diljit Dosanjh News:- पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं. दिल्ली में 30 अक्टूबर को हुए कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) के विरोध और अपनी आलोचनाओं पर खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि पंजाबियों को लड़ना मत सिखाओ. वहीं, CJP से जुड़े अभिजीत दिपके ने भी दिलजीत के बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी और उन्हें अपना पसंदीदा कलाकार बताया.
दिल्ली कॉन्सर्ट में दिलजीत ने दिया आलोचकों को जवाब
दिलजीत दोसांझ ने अपने 'Aura India Tour 2026' के दिल्ली कॉन्सर्ट में हजारों फैंस के सामने अपनी बात रखी. इस दौरान उन्होंने NEET पेपर लीक के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन को लेकर दिए गए अपने पुराने बयान पर भी प्रतिक्रिया दी. दरअसल, उस समय दिलजीत ने खुद को एक कलाकार बताते हुए इस मुद्दे से दूर रखने की बात कही थी. इसके बाद CJP से जुड़े अभिजीत दिपके समेत कई लोगों ने उनकी आलोचना की थी. अब दिल्ली के मंच से दिलजीत ने इस विवाद पर जवाब देते हुए कहा, "मैं आप सभी से प्यार करता हूं, क्योंकि मैं एक आर्टिस्ट हूं. मैं चुप हूं, तो मुझे चुप ही रहने दो. मैं आप सभी का समर्थन करता हूं, लेकिन पंजाबियों को लड़ना मत सिखाओ." उन्होंने अपनी फिल्म 'सतलुज' और जसवंत सिंह खालड़ा से जुड़े मुद्दे पर भी बात की. दिलजीत ने कहा कि जिस फिल्म का मंच पर मजाक उड़ाया जा रहा है, उसके लिए उन्होंने लंबे समय तक लड़ाई लड़ी है. उन्होंने दोहराया कि वह सभी से प्यार करते हैं और किसी की नफरत से उन्हें फर्क नहीं पड़ता.
अभिजीत दिपके ने दिलजीत को बताया अपना पसंदीदा कलाकार
दिलजीत के बयान के बाद अभिजीत दिपके की प्रतिक्रिया भी सामने आई. उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी बात रखते हुए कहा कि जून में हुए प्रोटेस्ट के दौरान दिलजीत की एक टिप्पणी से उन्हें थोड़ा दुख हुआ था. हालांकि, उनके मन में दिलजीत के लिए कभी कोई व्यक्तिगत नाराजगी नहीं रही.अभिजीत ने लिखा कि उन्होंने हमेशा दिलजीत को ऐसे इंसान के रूप में देखा है, जो किसी मुद्दे पर अपनी आवाज उठाता है. यही वजह थी कि उस समय उनका बयान उन्हें थोड़ा चुभ गया.
'आज भी आपका म्यूजिक सुनता हूं'
अभिजीत ने आगे लिखा, "सच कहूं तो मैं हमेशा से आपका फैन रहा हूं और आज भी हूं. मैं आज भी आपका म्यूजिक सुनता हूं. इस साल मई में भारत वापस आने से ठीक पहले मैं शिकागो में आपके कॉन्सर्ट में भी आया था. सिर्फ आपका म्यूजिक सुनने के लिए नहीं, बल्कि इसलिए भी क्योंकि एक इंसान के तौर पर मेरे मन में आपके लिए हमेशा बहुत सम्मान रहा है." उन्होंने दिलजीत की तारीफ करते हुए कहा कि उनका बेबाक अंदाज, अपनी बात पर कायम रहना और अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए भारत को ग्लोबल स्टेज पर पहचान दिलाना उन्हें हमेशा पसंद रहा है.
'छोटे भाई को समझकर मिट्टी डाल देना'
अभिजीत ने अपनी पोस्ट में यह भी साफ किया कि किसी एक मुद्दे पर असहमति या गलतफहमी के कारण दिलजीत के प्रति उनका सम्मान और प्यार कम नहीं हुआ है. उन्होंने आखिर में लिखा, "बाकी पाजी, छोटे भाई को समझकर मिट्टी डाल देना. और आखिर में बस इतना कहना चाहूंगा कि गबरू तां वैरी नूं वी मिठ्ठा बोलदा, नी तू तां फेर जट्ट दा प्यार गोरीए."फिलहाल, दिलजीत दोसांझ और अभिजीत दिपके की इस बातचीत ने सोशल मीडिया पर एक नई चर्चा छेड़ दी है. जहां दिलजीत ने अपने अंदाज में आलोचकों को जवाब दिया, वहीं अभिजीत ने असहमति के बावजूद उनके प्रति अपना सम्मान और प्रशंसा जाहिर की.

