VIDEO: ममता बनर्जी ने TMC कार्यकर्ता को जड़ा थप्पड़? रैली के बाद वायरल हुआ वीडियो, बंगाल की राजनीति गरमाई
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह कथित तौर पर अपनी ही पार्टी के एक कार्यकर्ता को थप्पड़ मारती नजर आ रही हैं. यह वीडियो बरुईपुर रेप-मर्डर मामले के विरोध में निकाली गई रैली के बाद का बताया जा रहा है.

West bengal: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार वजह उनकी एक रैली के बाद सामने आया वायरल वीडियो है, जिसमें वह कथित तौर पर अपनी ही पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) के एक कार्यकर्ता को थप्पड़ मारती नजर आ रही हैं. वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे लेकर राजनीतिक बहस भी तेज हो गई है. हालांकि, वीडियो के वायरल होने के बावजूद इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब बरुईपुर रेप-मर्डर मामले के विरोध में निकाली गई रैली के दौरान टीएमसी और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हुई थी.
वायरल वीडियो में क्या दिख रहा है?
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को कोलकाता के कालीघाट स्थित ममता बनर्जी के आवास के बाहर का बताया जा रहा है. वीडियो में ममता बनर्जी भीड़ को नियंत्रित करती हुई दिखाई देती हैं. बताया जा रहा है कि वह रैली में घायल हुए टीएमसी कार्यकर्ताओं को अस्पताल भेजने के लिए वाहनों की व्यवस्था कर रही थीं. इसी दौरान उनकी सुरक्षा में मौजूद कुछ कार्यकर्ता उनके बेहद करीब आ गए. वीडियो में दिखाई देता है कि ममता बनर्जी अचानक पीछे खड़े एक कार्यकर्ता की ओर मुड़ती हैं और उसे थप्पड़ मार देती हैं. इस घटना के बाद वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. हालांकि, इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि या घटना को लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
बरुईपुर रेप-मर्डर के विरोध में निकली रैली में हुआ था बवाल
ममता बनर्जी ने बरुईपुर रेप-मर्डर मामले के विरोध में कोलकाता में विरोध मार्च निकाला था. तृणमूल कांग्रेस के अनुसार, इस रैली को कलकत्ता हाई कोर्ट से विधिवत अनुमति मिली थी और इसका निर्धारित मार्ग बालीगंज फाड़ी से हाजरा तक था. पार्टी का आरोप है कि मार्च के दौरान बीजेपी समर्थकों ने जबरन रैली में प्रवेश करने और उसका रास्ता रोकने की कोशिश की. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच नारेबाजी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई. हालात बिगड़ने पर पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया. इस घटना के बाद राज्य की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया.
41 कार्यकर्ताओं के घायल होने का दावा, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
तृणमूल कांग्रेस ने दावा किया है कि झड़प में उसके 41 कार्यकर्ता, समर्थक और नेता घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया. पार्टी ने आरोप लगाया कि उसके कार्यकर्ताओं को "बीजेपी समर्थकों की हिंसा" का सामना करना पड़ा. वहीं टीएमसी नेताओं ने पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों की भूमिका पर भी सवाल उठाए. उनका कहना है कि मौके पर पर्याप्त सुरक्षा बल मौजूद होने के बावजूद हिंसा को समय रहते नहीं रोका जा सका. पार्टी ने आरोप लगाया कि छात्र और युवा विंग के कई कार्यकर्ताओं, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, के साथ मारपीट की गई. दूसरी ओर, बीजेपी की ओर से भी इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अलग-अलग आरोप लगाए जा रहे हैं. फिलहाल मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी जारी है और वायरल वीडियो भी चर्चा का विषय बना हुआ है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.





Leave a comment