रांची के जगन्नाथपुर तालाब में बच्चे की डूबने से मौत, NDRF ने बरामद किया शव
रांची के धुर्वा स्थित जगन्नाथपुर तालाब में नहाने के दौरान एक बच्चे की डूबने से मौत हो गई. रविवार से लापता रोहित का शव सोमवार को NDRF की टीम ने तालाब से बरामद किया. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच की मांग की है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

Ranchi: राजधानी रांची के धुर्वा स्थित जगन्नाथपुर तालाब में नहाने के दौरान एक बच्चे की डूबने से मौत हो गई. मृतक की पहचान रोहित के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह पांच बच्चे तालाब में नहाने के लिए गए थे. इसी दौरान रोहित गहरे पानी में चला गया और डूब गया. इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई. सोमवार को NDRF की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर तालाब से रोहित का शव बरामद किया. बच्चे का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
रोहित के परिजनों ने उसकी मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई है. परिजनों का आरोप है कि बच्चे की मौत महज डूबने से नहीं हुई है और पूरे मामले की जांच की जानी चाहिए. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है. फिलहाल मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति साफ हो पाएगी. पुलिस बच्चों और परिजनों से भी जानकारी जुटा रही है.


