दिवंगत तृषा को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी श्रद्धांजलि, परिवार के प्रति जताई संवेदना
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिवंगत तृषा सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताई. तृषा सिंह की जमशेदपुर के सोनारी क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई थी.

Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिवंगत तृषा बिटिया को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा की आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की. साथ ही, शोकाकुल दीपिका जी, रत्नेश जी और उनके समस्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए इस दुख की घड़ी में उन्हें संबल, शक्ति और धैर्य प्रदान करने की कामना की.
सड़क हादसे में हुई थी तृषा समेत चार लोगों की मौत
गौरतलब है कि गुरुवार को जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित मरीन ड्राइव रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में झारखंड की मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत चार लोगों की मौत हो गई थी. पुलिस के अनुसार, तड़के एक कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई थी. हादसे में कार सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में तृषा सिंह के अलावा सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल शामिल थे. पुलिस ने बताया कि ट्रक खराब होने के कारण सड़क पर खड़ा था.

