दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 22 अक्टूबर को होगा प्रतिमा विसर्जन
साहिबगंज में दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. 22 अक्टूबर को प्रतिमा विसर्जन होगा. हैवी साउंड सिस्टम के इस्तेमाल पर रोक रहेगी, जबकि अफवाह और भ्रामक सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रशासन की नजर रहेगी.

साहिबगंज से अमान की रिपोर्ट -
साहिबगंज:- दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर साहिबगंज प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी सिलसिले में नगर थाना परिसर में गुरुवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता अंचलाधिकारी बासुकीनाथ टुडू ने की. इसमें शहर की विभिन्न पूजा समितियों के पदाधिकारी, वार्ड पार्षद, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग शामिल हुए. प्रशासन ने पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी, भीड़ नियंत्रण और बिजली कनेक्शन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि 22 अक्टूबर को प्रतिमा विसर्जन कराया जाएगा और जुलूस के दौरान तय नियमों का पालन जरूरी होगा. वहीं, हैवी साउंड सिस्टम के इस्तेमाल पर रोक रहेगी. प्रशासन ने शहरवासियों से अफवाहों से दूर रहने और सोशल मीडिया पर किसी भी अपुष्ट सूचना को साझा नहीं करने की अपील की है.
पूजा समितियों को सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश
बैठक में अंचलाधिकारी ने कहा कि दुर्गा पूजा आस्था के साथ आपसी भाईचारे और सौहार्द का पर्व है. ऐसे में पूजा समितियां प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर आयोजन करें. पंडालों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रखने, सीसीटीवी कैमरे लगाने और भीड़ को नियंत्रित करने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया. बिजली कनेक्शन और पंडाल की सुरक्षा को लेकर भी विशेष सावधानी बरतने को कहा गया.
22 अक्टूबर को होगा प्रतिमा विसर्जन
प्रशासन ने बताया कि इस बार 22 अक्टूबर को प्रतिमाओं का विसर्जन कराया जाएगा. विसर्जन जुलूस के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करना सभी के लिए जरूरी होगा. प्रशासन की ओर से हैवी साउंड सिस्टम के इस्तेमाल पर रोक रहेगी. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
सोशल मीडिया पर रहेगी प्रशासन की नजर
नगर थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता ने कहा कि पूजा के दौरान असामाजिक तत्वों पर पुलिस की नजर रहेगी. प्रमुख चौक-चौराहों और पूजा पंडालों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा. उन्होंने पूजा समितियों से भीड़ को नियंत्रित करने और किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की. साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट पर निगरानी रखने की बात कही.
जिरवाबाड़ी थाना में भी हुई शांति समिति की बैठक
दुर्गा पूजा को लेकर जिरवाबाड़ी थाना परिसर में भी शांति समिति की बैठक हुई. इसमें अंचलाधिकारी बासुकीनाथ टुडू, थाना प्रभारी शशि सिंह, वार्ड पार्षदों और पूजा समितियों के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया. बैठक में पंडालों की सुरक्षा, बिजली व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और विसर्जन जुलूस को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए. थाना प्रभारी ने समितियों से पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने की अपील की.
गंगा थाना क्षेत्र में भी प्रशासन ने दिए दिशा-निर्देश
गंगा थाना परिसर में भी दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह ने पूजा समितियों और स्थानीय लोगों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की. उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर नजर रखी जाएगी. प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की कि वे अफवाहों पर भरोसा न करें और सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के किसी भी संदेश को आगे न बढ़ाएं. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.



