पाकुड़ में दर्दनाक सड़क हादसा: स्कूल बस की चपेट में आने से युवक की मौत, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
पाकुड़ जिला मुख्यालय के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गांधी चौक के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि एक निजी स्कूल की बस (DPS) ने युवक को कुचल दिया

Pakur: पाकुड़ जिला मुख्यालय के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गांधी चौक के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि एक निजी स्कूल की बस (DPS) ने युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही जान चली गई. इस हादसे के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है.
मृतक की पहचान प्यादापुर (महुआडांगा), नगर थाना क्षेत्र निवासी मृदुल चंद्र के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार मृदुल अपने वृद्ध माता-पिता का इकलौता पुत्र और परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था. उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है.
घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने दुमका–पाकुड़ मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने बाजार की दुकानें बंद कर सड़क पर टायर जलाते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. लोग मृतक के परिवार को मुआवजा देने और बस चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
सड़क जाम के कारण आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है. खासकर पाकुड़ स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. टोटो, ऑटो और निजी वाहनों का परिचालन ठप हो गया, जिससे कई यात्री सामान लेकर पैदल चलने को मजबूर हो गए. कुछ यात्रियों के ट्रेन छूटने की भी आशंका बनी हुई है.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर थाना पुलिस के साथ अंचलाधिकारी अरविंद कुमार बेदिया मौके पर पहुंचे. मजिस्ट्रेट के रूप में मौजूद अंचलाधिकारी और पुलिस बल आक्रोशित भीड़ को समझाने और जाम हटवाने का प्रयास कर रहे हैं. प्रशासन की ओर से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजा देने का आश्वासन दिया गया है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.



Leave a comment