रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा, रजरप्पा जा रहे 13 श्रद्धालुओं की मौत, 4 बच्चे और 4 महिलाएं भी शामिल,राष्ट्रपति, पीएम और सीएम ने भी जताया शोक
झारखंड के रामगढ़ में NH-33 पर हुए भीषण सड़क हादसे में 13 श्रद्धालुओं की मौत हो गई. सभी बिहार से रजरप्पा मंदिर पूजा करने आ रहे थे. हादसे पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और झारखंड के मुख्यमंत्री ने शोक जताया है.

Ramgarh Accident:- झारखंड के रामगढ़ जिले में रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-33) पर शनिवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया. पैंकी गांव के पास स्कॉर्पियो और एक अज्ञात वाहन के बीच जोरदार टक्कर में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है. सभी श्रद्धालु बिहार से रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने आ रहे थे. हादसे के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्यपाल संतोष गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने शोक जताया है. प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा भी की है.
पैंकी के पास स्कॉर्पियो और अज्ञात वाहन में भीषण टक्कर
रामगढ़ जिले में शनिवार देर रात करीब 2 बजे रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-33) पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. हादसा पैंकी गांव के समीप हुआ, जहां रजरप्पा मंदिर जा रही स्कॉर्पियो की एक अज्ञात वाहन से जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए. दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में कुल 14 लोग सवार थे. सभी बिहार के नालंदा जिले के जांघारों गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं. ये लोग रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने के लिए झारखंड आ रहे थे. इसी दौरान रास्ते में उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई.
हादसे में 4 बच्चों और 4 महिलाओं की मौत
इस भीषण दुर्घटना में कुल 13 लोगों की जान चली गई. मृतकों में चार बच्चे, चार महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं. हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है. उसे तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. गाड़ी में सवार लोगों को बाहर निकालने में राहत एवं बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी.
पुलिस ने संभाला मोर्चा, 13 मौतों की पुष्टि
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. रामगढ़ के एसडीपीओ आलोक रंजन ने 13 लोगों की मौत की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग बिहार के नालंदा जिले के रहने वाले थे. घटनास्थल से मिले आधार कार्ड के आधार पर कुछ मृतकों की पहचान की गई है. पुलिस हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की जानकारी जुटाने के साथ दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है.
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया दुख
इस दर्दनाक हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गहरा दुख जताया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि झारखंड के रामगढ़ जिले में हुई सड़क दुर्घटना में महिलाओं और बच्चों सहित कई लोगों की मृत्यु का समाचार बेहद दुखद है. उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायल व्यक्ति के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से आर्थिक सहायता की घोषणा की है. प्रधानमंत्री ने कहा कि हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी. वहीं, दुर्घटना में घायल व्यक्ति को 50 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी.
राज्यपाल और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी जताया शोक
झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रामगढ़ जिले के कुजू में NH-33 पर हुए भीषण सड़क हादसे को अत्यंत दुखद और मर्माहत करने वाला बताया. उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायल व्यक्ति के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी पैंकी गांव के पास हुई दुर्घटना में 13 लोगों की मौत पर दुख जताया. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों के प्रति उनकी गहरी शोक संवेदनाएं हैं. उन्होंने मारांग बुरु से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति का समुचित उपचार कराया जा रहा है.
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत अन्य नेताओं ने भी जताया शोक
झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी हादसे को हृदयविदारक और पीड़ादायक बताया. उन्होंने कहा कि रांची-पटना मुख्य मार्ग पर हुई इस भीषण दुर्घटना में 13 लोगों की असामयिक मृत्यु की खबर बेहद दुखद है. उन्होंने दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की. साथ ही घायल व्यक्ति के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. रामगढ़ में हुए इस हादसे ने एक बार फिर NH-33 पर सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. एक साथ 13 लोगों की मौत से बिहार के नालंदा जिले के जांघारों गांव में भी मातम पसरा है. जिस परिवार के लोग रजरप्पा मंदिर में पूजा करने के लिए निकले थे, उनके लिए यह धार्मिक यात्रा जिंदगी का सबसे बड़ा दुख बन गई.
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने भी रामगढ़ सड़क हादसे को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताया. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामगढ़ के समीप हुई भीषण दुर्घटना में 13 श्रद्धालुओं की असामयिक मृत्यु का समाचार बेहद दुखद है. संजय सेठ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों के उपचार के लिए 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा को संवेदनशील और सराहनीय कदम बताया. उन्होंने इस सहायता के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया. साथ ही ईश्वर से प्रार्थना की कि शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति मिले.
भाजपा झारखंड प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने भी रामगढ़ में हुए भीषण सड़क हादसे पर गहरा दुख जताया. उन्होंने कहा कि रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए हादसे में 13 श्रद्धालुओं की असामयिक मृत्यु अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है. आदित्य साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा को संवेदनशील एवं जनकल्याणकारी नेतृत्व का परिचायक बताया. उन्होंने इस मानवीय पहल के लिए प्रधानमंत्री का हृदय से आभार व्यक्त किया. साथ ही दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की.
संबंधित ख़बरें
और CRIME ख़बरें
झाड़ू लेकर सड़कों पर उतरे स्कूली बच्चे, स्वच्छता अभियान में दिखाई भागीदारी

स्वच्छता ही सेवा क्रिकेट लीग का आगाज, चार टीमों के बीच होगा मुकाबला
फर्जी APK फाइल भेजकर करते थे साइबर ठगी, देवघर में तीन शातिर गिरफ्तार

संताल परगना का पहला डेंटल कॉन्फ्रेंस देवघर में शुरू, आधुनिक तकनीकों पर हुआ मंथन

रांची में तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवकों की मौत के बाद सड़क पर उतरे लोग

हेमंत सरकार के खिलाफ BJP की चार्जशीट, अभिषेक भारती के मामले को बनाया बड़ा मुद्दा; सात साल के शासन पर सवाल


