जमशेदपुर में अपराधियों का आतंक! रंगदारी नहीं दी तो सब्जी विक्रेता पर फायरिंग, पुलिस को खुली चुनौती
शहर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। एक के बाद एक वारदात यह सवाल खड़ा कर रही है कि आखिर अपराधियों में पुलिस का खौफ क्यों खत्म हो गया है? ताजा मामला गोलमुरी थाना क्षेत्र का है, जहां टिनप्लेट एबीएम कॉलेज के पास शनिवार शाम बाइक सवार बदमाशों ने एक सब्जी विक्रेता पर गोली चला दी।

जमशेदपुर: शहर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। एक के बाद एक वारदात यह सवाल खड़ा कर रही है कि आखिर अपराधियों में पुलिस का खौफ क्यों खत्म हो गया है? ताजा मामला गोलमुरी थाना क्षेत्र का है, जहां टिनप्लेट एबीएम कॉलेज के पास शनिवार शाम बाइक सवार बदमाशों ने एक सब्जी विक्रेता पर गोली चला दी। वजह सिर्फ इतनी थी कि उसने एक लाख रुपये की रंगदारी देने से इनकार कर दिया। गनीमत रही कि गोली मथुरा पोद्दार को नहीं लगी और उनकी जान बच गई। हालांकि, दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
रंगदारी नहीं मिली तो चला दी गोली
पीड़ित मथुरा पोद्दार ने पुलिस को बताया कि गोलमुरी खालसा बस्ती का रहने वाला करण सिंह लंबे समय से इलाके के छोटे कारोबारियों और सब्जी विक्रेताओं से रंगदारी वसूलता है। शुक्रवार देर शाम एक स्कूटी सवार युवक उसकी दुकान पर पहुंचा और मोबाइल थमाकर किसी से बात करने को कहा। जैसे ही मथुरा ने फोन कान पर लगाया, दूसरी तरफ करण सिंह था। उसने सीधे एक लाख रुपये की मांग की और रुपये नहीं देने पर मथुरा और उसके भाई को गोली मारने की धमकी दे डाली।
शनिवार को दो बार पहुंचा, दूसरी बार पिस्टल से कर दी फायरिंग
धमकी देने के बाद भी करण सिंह का मन नहीं भरा। शनिवार शाम करीब चार बजे वह पहली बार दुकान पर पहुंचा। उस वक्त मथुरा दुकान पर नहीं था और उसका छोटा भाई मौजूद था। करण ने उसे भी धमकाया और रुपये नहीं मिलने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी देकर चला गया।
करीब दो घंटे बाद शाम छह बजे करण सिंह अपने साथी गंधे के साथ बाइक से फिर दुकान पर पहुंचा। इस बार मथुरा पोद्दार दुकान पर था। आते ही गाली-गलौज शुरू हुई और फिर एक लाख रुपये की मांग दोहराई गई। मथुरा के इनकार करते ही करण ने पिस्टल निकाली और उस पर फायरिंग कर दी। गोली निशाने से चूक गई, लेकिन पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए।
घटनास्थल से मिला खोखा, पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
एसएसपी की बैठक के दिन ही अपराधियों ने दी चुनौती
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस दिन एसएसपी ने मासिक अपराध समीक्षा बैठक में सभी थाना प्रभारियों को रंगदारी, अवैध हथियार और संगठित अपराध पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए, उसी दिन अपराधियों ने खुलेआम फायरिंग कर पुलिस को चुनौती दे डाली। यह घटना कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है और यह भी दिखाती है कि अपराधियों के मन से पुलिस का डर कम होता नजर आ रहा है।
आरोपियों की तलाश में छापेमारी
पुलिस के अनुसार करण सिंह और उसके साथी गंधे की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। खालसा बस्ती समेत कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इधर, घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों में भय का माहौल है और वे अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.





Leave a comment