गंगा समग्र से जुड़ेगी बाबा नगरी की शिवगंगा, विकास कार्यों को मिलेगी नई दिशा
देवघर की ऐतिहासिक शिवगंगा को गंगा समग्र विकास कार्य से जोड़ने की पहल शुरू हो गई है. इसको लेकर आयोजित बैठक में जलस्रोतों के संरक्षण और जनभागीदारी पर जोर दिया गया. एक नवंबर को रांची के विकास भारती आश्रम में महत्वपूर्ण बैठक होगी, जिसमें शामिल होने की अपील देवघरवासियों से की गई है.

Deoghar: बाबा नगरी देवघर की ऐतिहासिक शिवगंगा को गंगा समग्र विकास कार्य से जोड़ने की पहल शुरू हो गई है. इसको लेकर बुधवार को विलियम्स टाउन स्थित स्थानीय संघ भवन, मधुसूदन बापट स्मृति न्यास भवन में बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता गंगा समग्र विकास कार्य की साहिबगंज एवं देवघर प्रभारी चंदा कुमारी ने की. इसमें विभाग प्रचारक वीरेंद्र कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे. बैठक में साहिबगंज में प्रवाहित मां गंगा और देवघर की शिवगंगा के संरक्षण, विकास तथा जनभागीदारी के माध्यम से अभियान को आगे बढ़ाने पर चर्चा की गई.
शिवगंगा संरक्षण के लिए जनभागीदारी पर जोर, एक नवंबर को रांची में बैठक
चंदा कुमारी ने बताया कि साहिबगंज में गंगा समग्र के माध्यम से चल रहे कार्यों की तर्ज पर देवघर की शिवगंगा को भी अभियान से जोड़ने की योजना है. उन्होंने कहा कि शिवगंगा धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है और इसके संरक्षण के लिए समाज के सभी वर्गों का सहयोग जरूरी है. इस संबंध में एक नवंबर को रांची स्थित विकास भारती आश्रम में सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक बैठक होगी. उन्होंने देवघरवासियों से इसमें अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील की. बैठक में डॉ. राजीव रंजन, प्रभाकर शांडिल और विनायक कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे.

