'रिटायरमेंट? अभी तो बिल्कुल नहीं...' , रोहित शर्मा ने अफवाहों पर लगा दिया फुल स्टॉप
लॉर्ड्स में ऐतिहासिक शतक जड़ने के बाद Rohit Sharma ने साफ कहा कि वह अभी रिटायरमेंट के बारे में नहीं सोच रहे। 138 रन की पारी से उन्होंने आलोचकों को करारा जवाब दिया.

पिछले कुछ दिनों से रोहित शर्मा के रिटायरमेंट को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही थीं. कहा जा रहा था कि इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेला गया तीसरा वनडे उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का आखिरी मैच हो सकता है. लेकिन हिटमैन ने इन सभी अटकलों का जवाब शब्दों से नहीं, बल्कि बल्ले से दिया. लॉर्ड्स में शानदार 138 रन की पारी खेलने के बाद रोहित ने साफ कर दिया कि रिटायरमेंट फिलहाल उनके दिमाग में भी नहीं है.
'शोर बाहर होता है, मेरा काम मैदान के अंदर है'
मैच के बाद BCCI से बातचीत में रोहित शर्मा ने कहा कि उनका काम सिर्फ मैदान पर जाकर भारत के लिए रन बनाना है. उन्होंने कहा कि डेब्यू के समय से ही उनके बारे में बातें होती रही हैं और जब तक वह क्रिकेट खेलेंगे, यह शोर चलता रहेगा. रोहित ने कहा कि उन्हें इन चर्चाओं से कोई फर्क नहीं पड़ता. उनके लिए सबसे अहम बात टीम की सफलता में योगदान देना है. उन्होंने कहा, "अगर शोर नहीं होगा तो मजा भी नहीं आएगा. मेरा काम मैदान के अंदर है, शोर मचाने वालों का काम बाहर है."
दो मैच फ्लॉप, तीसरे में ऐतिहासिक कमबैक
इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो वनडे में रोहित शर्मा सिर्फ 11 और 26 रन ही बना सके थे. इसके बाद कई पूर्व क्रिकेटरों और विशेषज्ञों ने उनके भविष्य पर सवाल उठाने शुरू कर दिए. कुछ रिपोर्ट्स में तो यहां तक दावा किया गया कि लॉर्ड्स वनडे उनके करियर का आखिरी मैच हो सकता है. लेकिन निर्णायक मुकाबले में रोहित ने दमदार वापसी करते हुए 138 रन की शानदार पारी खेली. अपनी इस पारी में उन्होंने 17 चौके और 5 छक्केलगाए और आलोचकों को करारा जवाब दिया.
लॉर्ड्स में रचा इतिहास
इस शतक के साथ रोहित शर्मा ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली. वह लॉर्ड्स के मैदान पर वनडे शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज़ बन गए. इसके साथ ही उन्होंने सौरव गांगुली के 2004 में बनाए गए 90 रन के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया. यह रोहित शर्मा के वनडे करियर का 34वां शतक है. इस पारी के बाद उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि उनका फोकस अभी भी भारतीय टीम के लिए खेलना और जीत दिलाना है. अब क्रिकेट प्रशंसकों की नजर सितंबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज पर होगी, जहां रोहित एक बार फिर मैदान पर नजर आएंगे.

