26 जनवरी को रांची में बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था, कई मार्गों पर नो एंट्री, जानें वैकल्पिक रूट
गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी को रांची के मोरहाबादी मैदान में भव्य राजकीय समारोह का आयोजन किया जाएगा. इस दौरान झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ध्वजारोहण करेंगे.

Ranchi: गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी को रांची के मोरहाबादी मैदान में भव्य राजकीय समारोह का आयोजन किया जाएगा. इस दौरान झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ध्वजारोहण करेंगे. कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और रांची पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं. शहर में यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए 26 जनवरी को सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक बड़े वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक रहेगी. प्रशासन ने अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट भी निर्धारित किए हैं, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके.
वीवीआईपी वाहनों के लिए निर्धारित रूट
राज्यपाल का काफिला एटीआई मोड़ से सिदो-कान्हू पार्क मोड़, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय मोड़ होते हुए राजकीय अतिथिशाला के बाएं मोड़ से वीवीआईपी प्रवेश द्वार के माध्यम से समारोह स्थल तक पहुंचेगा. हाईकोर्ट से आने वाले न्यायाधीशों के वाहन भी इसी मार्ग का उपयोग करेंगे. केंद्र और राज्य सरकार के पदाधिकारियों के वाहन हॉटलिप्स चौक, एटीआई मोड़, रणधीर वर्मा चौक और उपायुक्त आवास होते हुए मोरहाबादी मैदान पहुंचेंगे.
इन ड्रॉप गेटों से ही मिलेगा प्रवेश
प्रशासन ने मोरहाबादी मैदान में प्रवेश के लिए कई ड्रॉप गेट निर्धारित किए हैं:
- डीसी आवास के पास मोरहाबादी मैदान मार्ग
- मोरहाबादी सब्जी बाजार मोड़ के समीप
- स्टेट गेस्ट हाउस मोड़, आर्मी मैदान के पास
- सिदो-कान्हू पार्क मोड़, हॉकी स्टेडियम के पास
- रजिस्ट्री ऑफिस के सामने मोरहाबादी मैदान मार्ग
- बिजली कार्यालय के पास ट्रांसफार्मर मोड़ के समीप
पार्किंग की व्यवस्था
- राज्यपाल और अन्य वीवीआईपी वाहनों की पार्किंग मुख्य मंच के पीछे निर्धारित की गई है.
- अधिकारियों के वाहनों के लिए मंच के पश्चिम दिशा में नीलांबर-पीतांबर पार्क के पास पार्किंग होगी.
- नारंगी पास वाले वाहनों की पार्किंग मुख्य मंच के पश्चिम में की जाएगी.
- हरा पास धारकों के लिए बापू वाटिका के सामने पार्किंग स्थल तय किया गया है.
- आम नागरिकों के वाहनों के लिए टीआरआई के सामने मैदान में पार्किंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी.
बड़े वाहनों के लिए यातायात प्रतिबंध
- कांके की ओर से आने वाले वाहन बोड़ेया तक ही आ सकेंगे.
- चाईबासा और खूंटी से आने वाले वाहन बिरसा चौक तक सीमित रहेंगे.
- गुमला और चाईबासा की ओर से आने वाली गाड़ियों को कटहल मोड़ पर रोका जाएगा.
- जमशेदपुर से आने वाले वाहन सदाबहार चौक तक ही प्रवेश कर पाएंगे.
- कांके होते हुए पतरातू से आने वाले वाहन लॉ यूनिवर्सिटी तक जा सकेंगे.
- बूटी मोड़ से कोकर की ओर जाने वाले वाहन बूटी मोड़ तक ही सीमित रहेंगे.
- तिलता चौक से पिस्का मोड़ की ओर आने वाले वाहन पंडरा बाजार तक ही आ सकेंगे.
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे तय रूट और निर्देशों का पालन करें, ताकि गणतंत्र दिवस समारोह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.



Leave a comment