रांची की अदिति 20 दिन से लापता, परिवार से मिले जयराम महतो... बोले- “अब सड़क पर उतरेगी JLKM”
रांची की रहने वाली अदिति को लापता हुए अब 20 दिन हो चुके हैं, लेकिन अब तक पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है. मामला अब सिर्फ एक गुमशुदगी तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इसे लेकर लोगों में गुस्सा और बेचैनी लगातार बढ़ती जा रही है.

Ranchi: रांची की रहने वाली अदिति को लापता हुए अब 20 दिन हो चुके हैं, लेकिन अब तक पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है. मामला अब सिर्फ एक गुमशुदगी तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इसे लेकर लोगों में गुस्सा और बेचैनी लगातार बढ़ती जा रही है. इसी बीच JLKM विधायक जयराम महतो अदिति के परिजनों से मिलने उनके घर पहुंचे और परिवार को भरोसा दिलाया कि इस मामले को किसी भी हाल में दबने नहीं दिया जाएगा.
परिवार से मुलाकात के दौरान जयराम महतो ने रांची एसएसपी से फोन पर बातचीत भी की. उन्होंने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले में तेजी और गंभीरता से जांच करने की मांग की. जानकारी के मुताबिक, एसएसपी की ओर से जल्द कार्रवाई और हर एंगल से जांच का भरोसा दिया गया है. जयराम महतो ने कहा कि एक बेटी 20 दिनों से लापता है और अब तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आना बेहद चिंताजनक है. उन्होंने कहा कि पुलिस को इस मामले में और तेजी से काम करना चाहिए ताकि परिवार को जल्द न्याय मिल सके. विधायक ने साफ कहा कि अगर अगले एक-दो दिनों में पुलिस की तरफ से कोई ठोस अपडेट नहीं आता है, तो JLKM सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी.
आपको बता दें कि अदिति 9 मई से रांची के सदर थाना क्षेत्र से लापता है. पुलिस ने उसकी जानकारी देने वाले के लिए 1 लाख रुपये के इनाम की घोषणा भी की है. मामले की जांच के लिए तकनीकी टीम लगातार सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य डिजिटल इनपुट खंगाल रही है. हालांकि इतने दिनों बाद भी कोई ठोस सफलता नहीं मिलने से परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है. मुलाकात के दौरान जयराम महतो के साथ देवेंद्र महतो भी मौजूद रहे. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक परिवार की लड़ाई नहीं है, बल्कि समाज की बेटी को खोजने की लड़ाई है. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर मामले में लापरवाही हुई तो जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा.
इधर, अदिति की गुमशुदगी को लेकर सोशल मीडिया पर भी लगातार अभियान चलाया जा रहा है. लोग पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. परिवार का कहना है कि हर गुजरते दिन के साथ उनकी चिंता बढ़ती जा रही है और उन्हें सिर्फ अपनी बेटी के सुरक्षित लौटने का इंतजार है. फिलहाल पूरे मामले पर अब सबकी नजर पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.



Leave a comment