रांची के JSCA स्टेडियम को मिली दो अंतरराष्ट्रीय मैचों की मेजबानी, टी-20 और टेस्ट मुकाबले होंगे
क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. झारखंड की राजधानी रांची को एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की मेजबानी का मौका मिला है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने घरेलू सीजन 2026-27 का शेड्यूल जारी करते हुए रांची के JSCA अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में दो बड़े मुकाबलों की पुष्टि की है.

Ranchi: क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. झारखंड की राजधानी रांची को एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की मेजबानी का मौका मिला है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने घरेलू सीजन 2026-27 का शेड्यूल जारी करते हुए रांची के JSCA अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में दो बड़े मुकाबलों की पुष्टि की है. इसके तहत 9 अक्टूबर 2026 को भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 मुकाबला खेला जाएगा, जबकि 19 से 23 फरवरी 2027 के बीच भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट मैच आयोजित होगा.
BCCI द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, टीम इंडिया का घरेलू सीजन काफी व्यस्त रहने वाला है. इस दौरान भारत वेस्टइंडीज, श्रीलंका, जिम्बाब्वे और ऑस्ट्रेलिया जैसी टीमों की मेजबानी करेगा. पूरे सीजन में कुल 22 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले 17 अलग-अलग शहरों में खेले जाएंगे. सीजन की शुरुआत 27 सितंबर 2026 से वेस्टइंडीज के खिलाफ होगी, जिसमें तीन वनडे और पांच टी-20 मैचों की सीरीज खेली जाएगी. वनडे मुकाबले तिरुवनंतपुरम, गुवाहाटी और न्यू चंडीगढ़ में होंगे, जबकि टी-20 मैच लखनऊ, रांची, इंदौर, हैदराबाद और बेंगलुरु में आयोजित किए जाएंगे. रांची में होने वाला मुकाबला इस टी-20 सीरीज का दूसरा मैच होगा.
सीजन का सबसे बड़ा आकर्षण भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जाने वाली प्रतिष्ठित बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2027 होगी. पांच टेस्ट मैचों की इस सीरीज का चौथा मुकाबला रांची में खेला जाएगा. इससे पहले यह सीरीज नागपुर, चेन्नई और गुवाहाटी में भी आयोजित होगी, जबकि अंतिम मैच अहमदाबाद में खेला जाएगा. JSCA के उपाध्यक्ष संजय पांडेय ने दोनों मैचों की मेजबानी की पुष्टि करते हुए कहा कि रांची को अंतरराष्ट्रीय मैच मिलना राज्य के लिए गर्व की बात है और इससे यहां के खेल प्रेमियों में उत्साह बढ़ेगा.
JSCA अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम का रिकॉर्ड भी काफी प्रभावशाली रहा है. यहां अब तक चार टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जा चुके हैं, जिनमें भारत ने तीन में जीत हासिल की है. इसके अलावा तीन टेस्ट मैचों में से दो में भारत को जीत मिली है, जबकि एक मुकाबला ड्रॉ रहा है. वहीं, इस मैदान पर सात वनडे मैच भी आयोजित हो चुके हैं. ऐसे में एक बार फिर रांची में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की वापसी से स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों को रोमांचक मुकाबलों का इंतजार रहेगा.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






Leave a comment