झारखंड के पतरातू को राष्ट्रीय सम्मान, THE WEEK Heritage Awards 2026 में मिला Silver Banyan Award
झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थल पतरातू को ‘THE WEEK Heritage Awards 2026’ में ‘Riverside Heritage’ श्रेणी के तहत Silver Banyan Award से सम्मानित किया गया है. इस राष्ट्रीय उपलब्धि से राज्य के पर्यटन विकास और पतरातू की पहचान को नई मजबूती मिली है.

Ranchi: झारखंड के पर्यटन क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि सामने आई है. राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थल पतरातू को प्रतिष्ठित ‘THE WEEK Heritage Awards 2026’ में ‘Riverside Heritage’ श्रेणी के तहत ‘Silver Banyan Award’ से सम्मानित किया गया है. नई दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय में आयोजित समारोह में झारखंड सरकार के पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव मुकेश कुमार और पर्यटन निदेशक नमन प्रियेश लकड़ा ने यह सम्मान प्राप्त किया. यह उपलब्धि झारखंड की प्राकृतिक विरासत और पर्यटन विकास के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाती है.
प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन सुविधाओं ने दिलाई पहचान
पतरातू अपनी खूबसूरत घाटियों, प्राकृतिक नजारों और विशाल जलाशय के लिए जाना जाता है. यहां विकसित की गई पर्यटन सुविधाओं ने इसे पर्यटकों के बीच आकर्षक गंतव्य बनाने में अहम भूमिका निभाई है. पतरातू जलाशय में नौकायन, फ्लोटिंग रेस्टोरेंट, म्यूजिकल फाउंटेन और अन्य सुविधाएं पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाती हैं. ‘Riverside Heritage’ श्रेणी में मिला सिल्वर बनयान अवॉर्ड इसी पर्यटन पहचान और विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर मिली मान्यता के रूप में देखा जा रहा है. इससे पतरातू को देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में स्थापित करने के प्रयासों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है.
पर्यटन विकास से रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद
झारखंड सरकार राज्य की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए प्रयासरत है. इसके तहत पर्यटन स्थलों पर आधारभूत संरचना, पर्यटक सुविधाओं और स्थानीय समुदायों की भागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है. पर्यटन विकास से आतिथ्य, खान-पान, परिवहन और स्थानीय उत्पादों से जुड़े कारोबार को भी लाभ मिलने की संभावना है. विभागीय सचिव मुकेश कुमार ने इस उपलब्धि पर अधिकारियों, स्थानीय प्रशासन और पतरातू पर्यटन परियोजना से जुड़े सहयोगियों के प्रयासों की सराहना की. उन्होंने उम्मीद जताई कि यह सम्मान राज्य के अन्य पर्यटन स्थलों के विकास और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार तथा स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने में प्रोत्साहन देगा.

