राज्यसभा चुनाव: परिमल नाथवानी का नामांकन होल्ड, नाम को लेकर विवाद
झारखंड राज्यसभा चुनाव के नामांकन पत्रों की जांच के दौरान निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी के नामांकन पर आपत्ति दर्ज की गई है. नामांकन पत्र में कथित त्रुटियों के चलते उनके नामांकन को फिलहाल “होल्ड” पर रख दिया गया है

Ranchi: झारखंड राज्यसभा चुनाव के नामांकन पत्रों की जांच के दौरान निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी के नामांकन पर आपत्ति दर्ज की गई है. नामांकन पत्र में कथित त्रुटियों के चलते उनके नामांकन को फिलहाल “होल्ड” पर रख दिया गया है, जिससे चुनावी प्रक्रिया में हलचल बढ़ गई है.
नाम में गड़बड़ी को लेकर विवाद
जानकारी के अनुसार, परिमल नाथवानी के नामांकन पत्र में नाम लिखने के तरीके को लेकर आपत्ति जताई गई है. कुछ दस्तावेजों में “परिमल नाथवानी” और कुछ में “नाथवानी परिमल” दर्ज होने को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है. इसी तकनीकी त्रुटि को आधार बनाकर रिटर्निंग ऑफिसर ने आपत्ति दर्ज की है.
रिटर्निंग ऑफिसर ने रखी सुनवाई
विधानसभा के प्रभारी सचिव एवं रिटर्निंग ऑफिसर रंजीत कुमार के कार्यालय में इस मामले की सुनवाई चल रही है. नामांकन पर आपत्ति के बाद परिमल नाथवानी स्वयं विधानसभा सचिवालय पहुंचे और संबंधित आपत्तियों का जवाब दे रहे हैं. इस दौरान उनके साथ कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद बताए जा रहे हैं. रिटर्निंग ऑफिसर ने स्पष्ट किया है कि नामांकन से जुड़े सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है और अंतिम निर्णय बुधवार सुबह 11 बजे लिया जाएगा. तब यह तय होगा कि नामांकन को स्वीकार किया जाएगा या खारिज. फिलहाल इस घटनाक्रम ने राज्यसभा चुनाव की सियासत को और अधिक रोचक बना दिया है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.



Leave a comment