झारखंड के 263 प्रखंडों में बनेंगे आदर्श सामुदायिक शौचालय, ₹29.09 करोड़ होंगे खर्च; जल्द आ सकता है कैबिनेट में प्रस्ताव
झारखंड के सभी 263 प्रखंडों में आदर्श सामुदायिक शौचालय बनाने की तैयारी है. पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 29 करोड़ 9 लाख 53 हजार 218 रुपये की अतिरिक्त राशि खर्च करने का प्रस्ताव तैयार किया है. हाट-बाजार, बस स्टैंड, पंचायत भवन परिसर और सार्वजनिक स्थानों पर शौचालय बनाए जाएंगे.

Ranchi: झारखंड में सार्वजनिक शौचालयों की कमी दूर करने के लिए राज्य सरकार 29 करोड़ रुपये से अधिक खर्च करने की तैयारी में है. वित्तीय वर्ष 2026-27 में राज्य के सभी 263 प्रखंडों में एक-एक आदर्श सामुदायिक शौचालय बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है. पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की इस योजना के तहत हाट-बाजार, पंचायत भवन परिसर, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर शौचालय बनाए जाएंगे. एक शौचालय के निर्माण पर करीब 14.06 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है. केंद्र की स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) योजना और पंचायती राज विभाग की राशि के बावजूद निर्माण की अनुमानित लागत पूरी नहीं हो रही है. इसलिए प्रति शौचालय 11.06 लाख रुपये से अधिक अतिरिक्त राशि राज्य योजना मद से देने की तैयारी है. पूरे राज्य में 263 शौचालयों के लिए 29 करोड़ 9 लाख 53 हजार 218 रुपये की अतिरिक्त राशि प्रस्तावित है. हालांकि, इस योजना पर अंतिम मुहर लगना अभी बाकी है. राज्य योजना प्राधिकृत समिति की मंजूरी मिलने के बाद ही आगे की प्रक्रिया स्पष्ट होगी.
263 शौचालयों के लिए तीन श्रेणियों में बंटी राशि
योजना के तहत शौचालय निर्माण के लिए राशि को तीन श्रेणियों में बांटा गया है. TSP श्रेणी में 131 शौचालयों के लिए 14.49 करोड़ रुपये, OSP श्रेणी में 89 शौचालयों के लिए 9.84 करोड़ रुपये और SCSP श्रेणी में 43 शौचालयों के लिए 4.75 करोड़ रुपये अतिरिक्त खर्च करने का प्रस्ताव है. तीनों श्रेणियों को मिलाकर 263 शौचालयों के लिए कुल 2,909.53218 लाख रुपये यानी करीब 29.10 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि की जरूरत होगी. यह शौचालयों की पूरी निर्माण लागत नहीं, बल्कि दूसरी निर्धारित मदों से मिलने वाली राशि के अतिरिक्त राज्य योजना से दिए जाने वाले पैसे हैं.
एक शौचालय पर 14.06 लाख रुपये खर्च का अनुमान
एक आदर्श सामुदायिक शौचालय के निर्माण की अनुमानित लागत 14 लाख 6 हजार 286 रुपये रखी गई है. स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की मार्गदर्शिका के अनुसार, प्रति शौचालय तीन लाख रुपये की व्यवस्था है. इसमें 70 प्रतिशत राशि स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) और 30 प्रतिशत राशि पंचायती राज विभाग के 15वें/16वें वित्त आयोग की निधि से दिए जाने का प्रावधान है. लेकिन अच्छी गुणवत्ता वाले शौचालय के निर्माण के लिए यह राशि पर्याप्त नहीं मानी गई है. इसी वजह से प्रति शौचालय 11 लाख 6 हजार 286 रुपये अतिरिक्त राज्य योजना मद से देने का प्रस्ताव है. 263 शौचालयों के लिए इस अतिरिक्त राशि का कुल जोड़ 29,09,53,218 रुपये बैठता है.
TSP श्रेणी में कहां कितने शौचालय बनेंगे?
TSP श्रेणी में कुल 131 शौचालय बनाए जाने का प्रस्ताव है. इनके लिए 1,449.23466 लाख रुपये अतिरिक्त राज्य योजना मद से खर्च किए जाने हैं. विभागीय इकाई के अनुसार शौचालयों की संख्या और प्रस्तावित राशि इस प्रकार है:
1. रांची पूर्व — 7 शौचालय — 77.44002 लाख रुपये
2. रांची पश्चिम — 11 शौचालय — 121.69150 लाख रुपये
3. खूंटी — 6 शौचालय — 66.37716 लाख रुपये
4. जमशेदपुर — 8 शौचालय — 88.50288 लाख रुपये
5. आदित्यपुर — 3 शौचालय — 33.18858 लाख रुपये
6. चाईबासा — 11 शौचालय — 121.69150 लाख रुपये
7. चक्रधरपुर — 7 शौचालय — 77.44002 लाख रुपये
8. सरायकेला — 9 शौचालय — 99.56574 लाख रुपये
9. गुमला — 12 शौचालय — 132.75430 लाख रुपये
10. सिमडेगा — 10 शौचालय — 110.62860 लाख रुपये
11. लोहरदगा — 7 शौचालय — 77.44002 लाख रुपये
12. लातेहार — 9 शौचालय — 99.56574 लाख रुपये
13. जामताड़ा — 6 शौचालय — 66.37716 लाख रुपये
14. दुमका-01 — 4 शौचालय — 44.25144 लाख रुपये
15. दुमका-02 — 6 शौचालय — 66.37716 लाख रुपये
16. पाकुड़ — 6 शौचालय — 66.37716 लाख रुपये
17. साहिबगंज — 9 शौचालय — 99.56574 लाख रुपये
कुल — 131 शौचालय — 1,449.23466 लाख रुपये.
OSP श्रेणी में मेदिनीनगर और गढ़वा के लिए सबसे ज्यादा शौचालय
OSP श्रेणी में 89 शौचालयों के निर्माण के लिए 984.59454 लाख रुपये अतिरिक्त राशि प्रस्तावित है. इस सूची में मेदिनीनगर के लिए 21 और गढ़वा के लिए 20 शौचालयों का प्रावधान है.
18. मेदिनीनगर — 21 शौचालय — 232.32006 लाख रुपये
19. गढ़वा — 20 शौचालय — 221.25720 लाख रुपये
20. रामगढ़ — 6 शौचालय — 66.37716 लाख रुपये
21. गोड्डा — 9 शौचालय — 99.56574 लाख रुपये
22. गिरिडीह-01 — 5 शौचालय — 55.31430 लाख रुपये
23. गिरिडीह-02 — 8 शौचालय — 88.50288 लाख रुपये
24. धनबाद-01 — 4 शौचालय — 44.25144 लाख रुपये
25. धनबाद-02 — 6 शौचालय — 66.37716 लाख रुपये
26. देवघर — 5 शौचालय — 55.31430 लाख रुपये
27. मधुपुर — 5 शौचालय — 55.31430 लाख रुपये
कुल — 89 शौचालय — 984.59454 लाख रुपये.
SCSP श्रेणी में हजारीबाग के लिए 16 शौचालय प्रस्तावित
SCSP श्रेणी में 43 शौचालयों के निर्माण के लिए 475.70298 लाख रुपये अतिरिक्त खर्च करने का प्रस्ताव है. इस श्रेणी में हजारीबाग के लिए 16 और चतरा के लिए 12 शौचालयों का प्रावधान किया गया है.
28. हजारीबाग — 16 शौचालय — 177.00580 लाख रुपये
29. चतरा — 12 शौचालय — 132.75430 लाख रुपये
30. झुमरीतिलैया — 6 शौचालय — 66.37716 लाख रुपये
31. चास — 5 शौचालय — 55.31430 लाख रुपये
32. तेनुघाट — 4 शौचालय — 44.25144 लाख रुपये
कुल — 43 शौचालय — 475.70298 लाख रुपये.
हाट-बाजार, बस स्टैंड और पंचायत परिसर होंगे प्राथमिकता
शौचालयों के निर्माण के लिए ऐसी जगहों को प्राथमिकता दी जाएगी जहां आम लोगों की आवाजाही अधिक रहती है. इनमें हाट-बाजार, ग्राम पंचायत परिसर, बस स्टैंड और दूसरे सार्वजनिक स्थल शामिल हैं. घनी आबादी वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता देने के साथ हर निर्माण स्थल की जियो-टैगिंग भी अनिवार्य होगी. योजना में महिलाओं, बालिकाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक व्यवस्था बनाने पर जोर है. प्रत्येक शौचालय में साफ पेयजल, अपशिष्ट प्रबंधन, दिव्यांगजनों के अनुकूल संरचना और नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था करनी होगी. निर्माण के बाद रखरखाव की जिम्मेदारी तय करने और पंचायतों, स्वयं सहायता समूहों तथा स्थानीय समुदाय को संचालन से जोड़ने की भी योजना है.

