बिहार: अवैध बालू खनन मामले में माइनिंग इंस्पेक्टर पुलिस कस्टडी से फरार
बिहार के गोपालगंज जिले में पुलिस कस्टडी से एक खनन निरीक्षक के फरार होने का मामला सामने आया है, जिससे प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. जानकारी के अनुसार, यादोपुर थाना क्षेत्र में गंडक नदी में अवैध बालू खनन के आरोप में माइनिंग इंस्पेक्टर सौरभ अभिषेक को शुक्रवार शाम गिरफ्तार किया गया था.

बिहार के गोपालगंज जिले में पुलिस कस्टडी से एक खनन निरीक्षक के फरार होने का मामला सामने आया है, जिससे प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. जानकारी के अनुसार, यादोपुर थाना क्षेत्र में गंडक नदी में अवैध बालू खनन के आरोप में माइनिंग इंस्पेक्टर सौरभ अभिषेक को शुक्रवार शाम गिरफ्तार किया गया था. यह कार्रवाई जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा के निर्देश पर की गई थी. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाने में पुलिस निगरानी में रखा गया, लेकिन देर रात वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया.
जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने बताया कि बालू घाटों के निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आई थीं, जिसमें खनन निरीक्षक की भूमिका संदिग्ध पाई गई. इसके बाद जिला खनिज विकास पदाधिकारी अनिल कुमार द्वारा जादोपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई और आरोपी को गिरफ्तार किया गया. प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद जिले में अवैध खनन से जुड़े लोगों में डर का माहौल बन गया है.
बताया जा रहा है कि गोपालगंज में गंडक नदी के किसी भी घाट के लिए फिलहाल वैध टेंडर जारी नहीं हुआ है, इसके बावजूद लंबे समय से अवैध बालू खनन जारी था. इस पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने हाल ही में उच्चस्तरीय बैठक कर अधिकारियों को सघन जांच के निर्देश दिए थे. जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा है कि अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
फिलहाल फरार खनन निरीक्षक की तलाश में पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. साथ ही सीमावर्ती इलाकों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि आरोपी जिले से बाहर न जा सके. वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही दोबारा गिरफ्तार कर लिया जाएगा, लेकिन पुलिस कस्टडी से एक सरकारी अधिकारी का फरार होना अपने आप में कई सवाल खड़े करता है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts




Leave a comment