झारखंड राज्यसभा चुनाव: एक सीट पर कांग्रेस की दावेदारी तेज, CM हेमंत सोरेन से मिले कांग्रेस नेता
झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. राज्य की दो राज्यसभा सीटों में से एक सीट पर कांग्रेस ने अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर दी है.

Ranchi: झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. राज्य की दो राज्यसभा सीटों में से एक सीट पर कांग्रेस ने अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर दी है. इसी सिलसिले में तेलंगाना के डिप्टी मुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क और कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू शुक्रवार को रांची पहुंचे. दोनों नेता सीधे मुख्यमंत्री आवास पहुंचे, जहां उनकी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ अहम बैठक चल रही है. बैठक में राज्यसभा चुनाव के लिए सीट शेयरिंग और उम्मीदवार के नाम पर चर्चा हो रही है. राज्यसभा चुनाव से पहले महागठबंधन के भीतर मंथन का दौर शुरू हो गया है. झारखंड मुक्ति मोर्चा की एक सीट पर जीत लगभग तय मानी जा रही है. ऐसे में दूसरी सीट पर कांग्रेस ने अपना दावा पेश किया है. कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पार्टी ने लोकसभा और विधानसभा चुनाव में गठबंधन धर्म निभाया है, इसलिए राज्यसभा में भी उचित हिस्सेदारी मिलनी चाहिए.
रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने साफ कहा कि पार्टी राज्यसभा के लिए स्थानीय उम्मीदवार को प्राथमिकता देगी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस गठबंधन में मजबूती से खड़ी है और राज्यसभा की एक सीट पर उसका दावा स्वाभाविक है. उन्होंने यह भी कहा कि उम्मीदवार ऐसा चेहरा होगा जो झारखंड से जुड़ा हुआ और जमीन से जुड़ा नेता हो.
सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री आवास में चल रही बैठक में संभावित उम्मीदवारों के नाम और राजनीतिक समीकरणों पर विस्तार से चर्चा हो रही है. कांग्रेस की कोशिश है कि सीट बंटवारे को लेकर जल्द सहमति बन जाए ताकि उम्मीदवार के नाम का ऐलान समय पर किया जा सके.
संख्या बल के लिहाज से झामुमो-कांग्रेस गठबंधन दोनों सीटों पर जीत दर्ज करने की स्थिति में है. हालांकि, झामुमो भी दोनों सीटों पर अपनी दावेदारी बनाए हुए है. ऐसे में राज्यसभा चुनाव को लेकर गठबंधन के भीतर रणनीतिक बातचीत बेहद अहम मानी जा रही है. अब पूरे प्रदेश की नजर मुख्यमंत्री आवास में चल रही इस बैठक पर टिकी हुई है. माना जा रहा है कि अगर सहमति बनती है तो जल्द ही उम्मीदवार के नाम का औपचारिक ऐलान किया जा सकता है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.


Leave a comment