झारखंड निकाय चुनाव: बागी नेताओं पर बीजेपी सख्त, शो-कॉज नोटिस की तैयारी
झारखंड में नगर निकाय चुनाव के बीच भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने पार्टी लाइन से हटकर चुनाव लड़ने या अधिकृत उम्मीदवारों के खिलाफ प्रचार करने वाले नेताओं पर सख्त रुख अपना लिया है.

Ranchi: झारखंड में नगर निकाय चुनाव के बीच भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने पार्टी लाइन से हटकर चुनाव लड़ने या अधिकृत उम्मीदवारों के खिलाफ प्रचार करने वाले नेताओं पर सख्त रुख अपना लिया है. पार्टी करीब 20 नेताओं को शो-कॉज नोटिस जारी करने की तैयारी में है. संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्हें संगठन से बाहर भी किया जा सकता है.
किन नेताओं पर कार्रवाई की तैयारी?
कार्रवाई की जद में आने वालों में डालटनगंज के पूर्व जिलाध्यक्ष परशुराम ओझा, धनबाद के पूर्व जिलाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार और जमशेदपुर महानगर के पूर्व जिलाध्यक्ष राजकुमार श्रीवास्तव प्रमुख हैं. इसके अलावा चास की मेयर प्रत्याशी परिंदा सिंह, देवघर के मेयर प्रत्याशी बाबा बलियासे और धनबाद के पूर्व विधायक संजीव सिंह को भी नोटिस भेजे जाने की संभावना है. सूत्रों के अनुसार, पार्टी संगठन ने संबंधित नेताओं के विरोधी प्रचार, भाषणों और गतिविधियों से जुड़े वीडियो व अन्य साक्ष्य जुटा लिए हैं.
पहले समझाइश, अब कार्रवाई
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ मैदान में उतरने या विरोधी खेमे का समर्थन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी. पार्टी ने असंतुष्ट नेताओं से कई दौर की बातचीत की और उन्हें अधिकृत उम्मीदवारों के पक्ष में काम करने या कम से कम विरोध से दूर रहने की सलाह दी, लेकिन बात नहीं बनी.
देवघर में बाबा बलियासे पार्टी समर्थित उम्मीदवार रीता चौरसिया के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं. चास नगर निगम में परिंदा सिंह अधिकृत प्रत्याशी अविनाश कुमार को चुनौती दे रही हैं. डालटनगंज में परशुराम ओझा ने अपनी पत्नी जानकी देवी को मेदिनीनगर मेयर पद पर उतारा है. वहीं जमशेदपुर में राजकुमार श्रीवास्तव ने अपनी पत्नी कुमकुम श्रीवास्तव को मानगो क्षेत्र से समर्थित प्रत्याशी संध्या सिंह के खिलाफ मैदान में उतारा है. धनबाद में सत्येंद्र कुमार निर्दलीय रवि चौधरी के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं, जबकि पूर्व विधायक संजीव सिंह भी अधिकृत उम्मीदवार के खिलाफ चुनाव मैदान में हैं.
केंद्रीय नेतृत्व की सीधी निगरानी
झारखंड निकाय चुनाव पर पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व भी नजर बनाए हुए है. राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा, राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह और राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा को राज्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है. अरुण सिंह ने रांची में पार्टी समर्थित मेयर प्रत्याशी रोशनी खलखो के समर्थन में सभाएं कीं और उनका कार्यक्रम मेदिनीनगर व गढ़वा में भी प्रस्तावित है. पार्टी का स्पष्ट संदेश है कि अधिकृत उम्मीदवार को लेकर किसी भी तरह का भ्रम बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. संगठन अब अनुशासन के मुद्दे पर निर्णायक और कड़ी कार्रवाई के मूड में है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.


Leave a comment