पीएचडी की अंतिम मंजिल के करीब पहुंचे जयराम महतो, प्री-सबमिशन सेमिनार सफलतापूर्वक संपन्न
जयराम महतो ने अपने शैक्षणिक जीवन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (BBMKU) में पीएचडी प्री-सबमिशन सेमिनार सफलतापूर्वक प्रस्तुत किया.

Dhanbad: जयराम महतो ने अपने शैक्षणिक जीवन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (BBMKU) में पीएचडी प्री-सबमिशन सेमिनार सफलतापूर्वक प्रस्तुत किया. इसके साथ ही वह पीएचडी की डिग्री प्राप्त करने की अंतिम प्रक्रिया के बेहद करीब पहुंच गए हैं. इस अवसर पर जयराम महतो ने कहा कि यह उनके जीवन के सबसे भावुक और गर्व के क्षणों में से एक है. उन्होंने बताया कि शोध कार्य का यह सफर आसान नहीं था. वर्षों की मेहनत, अनगिनत चुनौतियों, पारिवारिक जिम्मेदारियों और शैक्षणिक दबावों के बीच उन्होंने अपने शोध कार्य को पूरा किया.
उन्होंने कहा कि शोध प्रबंध का प्रत्येक पन्ना संघर्ष, समर्पण और निरंतर प्रयास की कहानी कहता है. कई बार परिस्थितियां कठिन हुईं, लेकिन लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्प ने उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी. जयराम महतो ने विश्वविद्यालय प्रशासन, शिक्षकों, शोध निर्देशक, परिवार के सदस्यों और शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कुलपति प्रो. डॉ. राम कुमार सिंह, मानविकी संकाय की डीन एवं अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. अनीता वर्मा तथा अपनी शोध निर्देशक डॉ. पी. रेबेका के मार्गदर्शन को अपनी सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया.
उन्होंने प्रो. डॉ. हिमांशु चौधरी, डॉ. इंद्रजीत कुमार, डॉ. के. एम. सिंह और डॉ. एम. के. पांडेय सहित अन्य शिक्षकों एवं शोधार्थियों का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने इस यात्रा में उनका मनोबल बढ़ाया. जयराम महतो ने कहा कि अब उनका अगला लक्ष्य पीएचडी की अंतिम औपचारिकताओं को पूरा कर 'डॉक्टर' की उपाधि प्राप्त करना है. उन्होंने सभी शुभचिंतकों से आगे भी आशीर्वाद और सहयोग बनाए रखने की अपील की.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.



Leave a comment