झारखंड के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी, अब यहीं मिलेगी फिल्म की पढ़ाई
झारखंड सरकार और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविज़न इंस्टीट्यूट (SRFTI), कोलकाता के बीच हुए समझौते (MoU) के साथ राज्य में फिल्म एवं मीडिया शिक्षा को नई दिशा मिली है.

Ranchi: झारखंड में फिल्म एवं टेलीविज़न संस्थान की स्थापना की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए झारखंड सरकार और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविज़न इंस्टीट्यूट (SRFTI), कोलकाता के बीच समझौता (MoU) किया गया. इस साझेदारी का उद्देश्य राज्य के युवाओं को फिल्म और मीडिया के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक प्रशिक्षण और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है. इससे झारखंड के उभरते कलाकारों और रचनात्मक युवाओं को अपने राज्य में ही सीखने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा.
झारखंड की कहानियों को मिलेगा नया मंच
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए SRFTI, कोलकाता के कुलपति श्री समीरन दत्ता ने कहा कि यह MoU केवल एक औपचारिक समझौता नहीं, बल्कि फिल्म और मीडिया शिक्षा को आगे बढ़ाने की साझा सोच का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि झारखंड प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और विविध जीवन कथाओं से भरपूर राज्य है. यहाँ अनगिनत ऐसी कहानियाँ हैं, जिन्हें सिनेमा के माध्यम से देश और दुनिया तक पहुँचाया जा सकता है. उन्होंने विश्वास जताया कि प्रस्तावित फिल्म एवं टेलीविज़न संस्थान युवाओं को इन कहानियों को प्रभावशाली फिल्मों और दृश्य माध्यमों के रूप में प्रस्तुत करने का अवसर देगा. साथ ही यह संस्थान राज्य की रचनात्मक ऊर्जा को नई दिशा देने का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा.
नई पीढ़ी के फिल्मकारों के लिए खुलेंगे नए रास्ते
इस साझेदारी के माध्यम से झारखंड के युवा फिल्मकारों, लेखकों, अभिनेताओं, सिनेमैटोग्राफरों, संपादकों, साउंड डिज़ाइनरों और अन्य रचनात्मक पेशेवरों को विश्वस्तरीय शिक्षा और प्रशिक्षण से जुड़ने का अवसर मिलेगा. इससे न केवल नई प्रतिभाओं को अपनी क्षमता निखारने का मंच मिलेगा, बल्कि राज्य की फिल्म संस्कृति को भी नई मजबूती मिलेगी. विशेषज्ञों का मानना है कि फिल्म एवं टेलीविज़न संस्थान की स्थापना से झारखंड में रचनात्मक उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर बनेंगे तथा राज्य की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी. यह पहल झारखंड को केवल फिल्मों की शूटिंग के लिए पसंदीदा स्थान ही नहीं, बल्कि भविष्य के फिल्मकारों और मीडिया पेशेवरों को तैयार करने वाले महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में भी स्थापित करने की दिशा में एक अहम कदम साबित हो सकती है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






Leave a comment