515 नंबर फ्लैट, खुशबू और मौत का रहस्य- सरायकेला पुलिस अब तलाश रही पूरी कहानी
सरायकेला के कृष्णा हेवन सिटी में 18 वर्षीय खुशबू कुमारी की मौत से सनसनी फैल गई. खुशबू फ्लैट नंबर 515 में किसी परिचित से मिलने पहुंची थी. कुछ देर बाद वह नीचे गिरी मिली. पुलिस अब फ्लैट नंबर 515 से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है.

Jamshedpur: आदित्यपुर के कृष्णा हेवन सिटी में गुरुवार सुबह एक युवती की मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. सतबोहनी की रहने वाली 18 वर्षीय खुशबू कुमारी सुबह सोसाइटी पहुंची थी. जानकारी के मुताबिक, उसने सिक्योरिटी गार्ड से फ्लैट नंबर 515 में एक परिचित से मिलने की बात कही और फिर ऊपर चली गई. कुछ ही देर बाद वह ऊपरी मंजिल से नीचे आ गिरी. मौके पर ही उसकी मौत हो गई. घटना के बाद सोसाइटी में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिर खुशबू ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया और इस पूरे घटनाक्रम के पीछे क्या वजह थी.
फ्लैट नंबर 515 तक क्यों पहुंची खुशबू?
पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक खुशबू किसी परिचित से मिलने के लिए कृष्णा हेवन सिटी पहुंची थी. सिक्योरिटी गार्ड को उसने फ्लैट नंबर 515 जाने की बात बताई थी. इसके बाद वह इमारत के ऊपरी हिस्से में पहुंची और नीचे गिर गई. घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से जानकारी जुटाई. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि फ्लैट में कौन मौजूद था और खुशबू वहां किससे मिलने गई थी. फिलहाल शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन युवती ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह सामने नहीं आई है.
पुलिस खंगाल रही हर कड़ी
घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अब जांच का फोकस युवती के सोसाइटी में पहुंचने से लेकर नीचे गिरने तक की पूरी टाइमलाइन पर है. प्रत्यक्षदर्शियों और सोसाइटी में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह भी जानने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले खुशबू की किन लोगों से मुलाकात या बातचीत हुई थी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के बाद ही मौत की पूरी वजह साफ हो सकेगी. फिलहाल इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है—खुशबू आखिर फ्लैट नंबर 515 क्यों पहुंची और कुछ देर बाद उसकी जान कैसे चली गई?




