एयर होस्टेस बनने का सपना... VIDEO से ब्लैकमेल, दुष्कर्म का आरोप; धर्म परिवर्तन के दबाव का केस, आरोपी गिरफ्तार
रांची में एयर होस्टेस की तैयारी कर रही 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और मामले की जांच जारी है.

Ranchi: रांची में एयर होस्टेस की तैयारी कर रही 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा से कथित दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का मामला सामने आया है. पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. शिकायत के अनुसार आरोपी ने पहले छात्रा से दोस्ती की, फिर जन्मदिन की पार्टी के बहाने उसे धुर्वा स्थित अपने किराए के मकान में बुलाया. वहां कथित रूप से नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश करने के बाद दुष्कर्म किया गया. आरोप है कि घटना का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई और महीनों तक ब्लैकमेल कर यौन शोषण किया गया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और डिजिटल साक्ष्यों समेत सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.
जन्मदिन की पार्टी के बहाने बुलाया, नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म!
परिजनों की शिकायत के अनुसार, पीड़िता रांची में रहकर एयर होस्टेस की तैयारी कर रही थी. इसी दौरान उसकी पहचान रामगढ़ जिले के चितरपुर निवासी 20 वर्षीय सुधांशु पांडे से हुई. आरोप है कि 18 अप्रैल 2026 को आरोपी ने जन्मदिन मनाने के बहाने छात्रा को धुर्वा स्थित अपने किराए के मकान में बुलाया. वहां कोल्ड ड्रिंक में कथित रूप से नशीला पदार्थ मिलाकर उसे बेहोश कर दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया. शिकायत में कहा गया है कि होश आने पर विरोध करने पर आरोपी ने मोबाइल में मौजूद कथित आपत्तिजनक वीडियो दिखाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने और जान से मारने की धमकी दी.
धर्म परिवर्तन और अपहरण की कोशिश का भी आरोप
एफआईआर के मुताबिक, आरोपी कथित वीडियो और तस्वीरों के जरिए पीड़िता को लगातार ब्लैकमेल करता रहा. शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी छात्रा पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बना रहा था. मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर छात्रा 22 मई को पढ़ाई छोड़कर अपने घर लोहरदगा लौट गई. इसके बावजूद आरोपी फोन, सोशल मीडिया और मैसेज के जरिए कथित रूप से धमकियां देता रहा. शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि 8 जुलाई को आरोपी लोहरदगा पहुंचा और छात्रा को अपने साथ ले जाने की कोशिश की. 12 जुलाई को भी लगातार कॉल और संदेश भेजकर मानसिक दबाव बनाने का आरोप लगाया गया है.
आरोपी गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
शिकायत मिलने के बाद सदर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया. 13 जुलाई को पीड़िता और आरोपी दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया गया तथा पीड़िता का बयान दर्ज किया गया. इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस ने पॉक्सो एक्ट, दुष्कर्म, आपराधिक धमकी और अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की गहन जांच की जा रही है. मोबाइल फोन, डिजिटल साक्ष्य, कॉल डिटेल और अन्य उपलब्ध सबूतों की भी जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts
रांची के बाद झारखंड के इन शहरों में बसेंगे नए सैटलाइट टाउनशिप, CM ने मांगी पूरी प्लानिंग

छात्र आंदोलन पर INDIA गठबंधन का दोहरा रुख, मुख्य सचिव से कहा- छात्रों और अराजक तत्वों को अलग कर हो कार्रवाई




Leave a comment