देवघर पहुंचे भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन सिंह, कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
भाजपा किसान मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन सिंह का देवघर पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया. जिला भाजपा कार्यालय में अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर उनका अभिनंदन किया गया. अर्जुन सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं के सहयोग से किसान मोर्चा को और मजबूत बनाया जाएगा.

Deoghar: देवघर में भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन सिंह के बुधवार को पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया. भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित स्वागत समारोह में जिला अध्यक्ष सचिन रवानी और किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष विश्वनाथ रमानी ने अंगवस्त्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया. वहीं, अन्य पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया. कार्यक्रम की शुरुआत जिला अध्यक्ष सचिन रवानी के स्वागत संबोधन से हुई. उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की एकजुटता, मेहनत और समर्पण पर निर्भर करती है. सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर पार्टी और मोर्चा को मजबूत बनाने की दिशा में काम करना चाहिए.
कार्यकर्ताओं के सहयोग से किसान मोर्चा को बनाएंगे सशक्त : अर्जुन सिंह
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं. कार्यकर्ताओं की मेहनत और निष्ठा के दम पर ही पार्टी विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है. उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और सामूहिक प्रयास से किसान मोर्चा को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा. उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन के प्रति समर्पित होकर काम करने और किसानों के हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने की अपील की. किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष विश्वनाथ रमानी ने भी अर्जुन सिंह को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी और उनके संगठनात्मक अनुभव की सराहना की.
स्वागत समारोह में भाजपा और किसान मोर्चा के कई पदाधिकारी रहे मौजूद
समारोह में प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रांत उपाध्याय, जिला अध्यक्ष सचिन रवानी, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष विश्वनाथ रमानी, अधीर चंद्र भैया, सचिन कुमार सुल्तानिया, तूफान महथा, पंकज सिंह भदौरिया और सुबोध राय शामिल हुए. इनके अलावा सुलोचना देवी, विनीता पासवान, संतोष पासवान, अमृत मिश्रा, प्रदीप वर्मा और महेंद्र वर्मा समेत भाजपा एवं किसान मोर्चा के बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे. सभी ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन सिंह को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं. कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में किसान मोर्चा संगठनात्मक रूप से और मजबूत होगा तथा किसानों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता मिलेगी.

