पाकिस्तानी घुसपैठ की कोशिश नाकाम, BSF ने पंजाब बॉर्डर पर दो घुसपैठियों को किया ढेर
पंजाब के तरनतारन सेक्टर में भारत-पाकिस्तान सीमा पर घुसपैठ की कोशिश को BSF ने नाकाम कर दिया. BOP राजोके इलाके में पाकिस्तान की ओर से तीन संदिग्ध भारतीय सीमा में दाखिल होने का प्रयास कर रहे थे. जवानों की चेतावनी के बावजूद आगे बढ़ने पर की गई फायरिंग में दो घुसपैठिए मारे गए.

Punjab: पंजाब के तरनतारन सेक्टर में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ की कोशिश को सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने नाकाम कर दिया. BSF के मुताबिक, पाकिस्तान की ओर से तीन संदिग्ध घुसपैठिए भारतीय सीमा में दाखिल होने का प्रयास कर रहे थे. यह घटना तरनतारन के BOP राजोके इलाके में रात करीब 12:30 बजे हुई. जानकारी के अनुसार, पाकिस्तान के चट्टनवाले इलाके से तीन लोग भारतीय सीमा की ओर बढ़ रहे थे. सीमा पर तैनात BSF के जवानों ने संदिग्धों की गतिविधियों को देखते हुए उन्हें रुकने की चेतावनी दी. हालांकि, चेतावनी के बावजूद वे आगे बढ़ते रहे. इसके बाद जवानों ने घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करने के लिए फायरिंग की. BSF की जवाबी कार्रवाई में दो घुसपैठिए मारे गए. घटना के बाद सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई. सुरक्षा बलों ने पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखी.
एक घुसपैठिया वापस पाकिस्तान भागा, सीमा पर BSF अलर्ट
BSF के मुताबिक, तरनतारन सेक्टर के राजोके BOP इलाके में हुई कार्रवाई के दौरान दो घुसपैठिए मारे गए, जबकि तीसरे के वापस पाकिस्तान की ओर भाग जाने की बात सामने आई है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीनों संदिग्ध पाकिस्तान की तरफ से भारतीय सीमा में अवैध रूप से प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे. जवानों ने उन्हें पहले चुनौती दी और रुकने की चेतावनी दी, लेकिन इसके बावजूद संदिग्ध आगे बढ़ते रहे. इसके बाद सुरक्षा बलों ने कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें दो घुसपैठिए ढेर हो गए. वहीं, तीसरा घुसपैठिया वापस पाकिस्तान की सीमा में लौट गया. BSF की इस कार्रवाई से घुसपैठ की कोशिश नाकाम हो गई. भारत-पाकिस्तान सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी कर रही हैं. BSF ने स्पष्ट किया कि सीमा पार से होने वाली घुसपैठ की कोशिशों को रोकने के लिए जवान सतर्क हैं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है.


