गिरिडीह में जैन तीर्थयात्रियों की बस खाई में पलटी, पति-पत्नी समेत 2 की मौत, 12 से अधिक घायल
झारखंड के गिरिडीह में सम्मेद शिखरजी से लौट रहे जैन तीर्थयात्रियों की बस खाई में पलट गई. हादसे में पति-पत्नी समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक यात्री घायल हुए हैं. मधुबन पुलिस राहत कार्य के बाद दुर्घटना की जांच में जुटी है.

गिरिडीह:- झारखंड के गिरिडीह जिले में जैन तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई. सम्मेद शिखरजी से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई. हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग घायल हुए हैं. मृतकों की पहचान पति-पत्नी के रूप में बताई गई है, जो बस के अगले हिस्से में बैठे थे. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मदद के लिए पहुंचे. ग्रामीणों ने बस में फंसे लोगों को बाहर निकालने में सहयोग किया. सूचना मिलने पर मधुबन पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि अन्य यात्रियों को उनके आगे के सफर के लिए व्यवस्था कर रवाना किया गया. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.
सम्मेद शिखरजी से दर्शन कर लौट रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, गुजरात के सूरत से करीब 50 जैन श्रद्धालु सम्मेद शिखरजी में दर्शन के लिए आए थे. यात्रा पूरी करने के बाद सभी वापस लौट रहे थे. इसी दौरान श्रद्धालुओं से भरी एक बस गिरिडीह में अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई. हादसे में बस में सवार कई यात्रियों को चोटें आईं.
बस पलटते ही मची चीख-पुकार, स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा
बस के खाई में पलटने के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. बस में फंसे यात्रियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया. इसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई.
हादसे में पति-पत्नी की मौत, बस के आगे बैठे थे दोनों
इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले दोनों यात्री पति-पत्नी बताए जा रहे हैं. जानकारी के मुताबिक, दोनों बस के केबिन के पास अगली सीट पर बैठे थे. बस के अनियंत्रित होकर पलटने के दौरान उन्हें गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौत हो गई. हादसे में एक दर्जन से अधिक अन्य यात्री घायल हुए हैं.
रात 10 बजे के करीब 8-10 बसों से निकले थे यात्री
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी के अनुसार, सभी श्रद्धालु गुजरात के सूरत के रहने वाले थे और कोरिया मंदिर में ठहरे हुए थे. रात करीब 10 बजे 8 से 10 बसों के काफिले में वे टाटा रेलवे स्टेशन के लिए रवाना हुए थे. सुबह गुजरात जाने के लिए उनकी ट्रेन निर्धारित थी. इसी काफिले की एक बस दुर्घटना का शिकार हो गई. घटना के बाद पुलिस ने यात्रियों की मदद कर उनके आगे के सफर की व्यवस्था की.
कोहरे के कारण हादसे की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
ठंड बढ़ने के साथ झारखंड में सुबह और रात के समय कोहरा छाने लगा है. सड़क पर कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को परेशानी हो सकती है. शुरुआती तौर पर हादसे के पीछे कोहरे और कम विजिबिलिटी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है. मधुबन पुलिस मामले की जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही बस के अनियंत्रित होने के कारणों का पता चल सकेगा.
संबंधित ख़बरें
और JHARKHAND ख़बरें
रामगढ़ के चुट्टूपालू घाटी में भीषण हादसा, दो ट्रेलरों की टक्कर में चालक-खलासी की मौत

अर्जुन मुंडा की मां शायरा मुंडा का निधन, जमशेदपुर में आज होगा अंतिम संस्कार
हेमंत सरकार की विफलताओं के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी BJP : आदित्य साहू

शहीद आश्रम मोड़ के समीप लगा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, 19 यूनिट रक्त संग्रह, रक्तदाताओं को किया सम्मानित

बालिकाओं की समस्याओं को समझें माताएं, संवाद से दूर करें हर झिझक, कुंडा में बालिका शिक्षा बैठक सह माता- पुत्री विचार गोष्ठी आयोजित

उत्कृष्ट विधायक सम्मान को निरल पूर्ति ने बताया जनता के भरोसे का प्रतीक, बोले- झारखंड की सेवा के लिए बढ़ी जिम्मेदारी


