झारखंड में 306 विशेषज्ञ चिकित्सकों की होगी नियुक्ति, 8 अक्टूबर से आवेदन शुरू
झारखंड में स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 306 विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की जाएगी. स्वास्थ्य विभाग और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 200 नॉन-टीचिंग और 106 स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर के पदों पर भर्ती होगी.

Ranchi: झारखंड में स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने 306 विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की तैयारी शुरू कर दी है. स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत इन पदों पर भर्ती की जाएगी. इसमें 200 नॉन-टीचिंग स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर और 106 स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर के पद शामिल हैं. इन नियुक्तियों से राज्य के विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा. भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 8 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी, जबकि आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है. इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी निर्धारित भर्ती पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे. विभाग ने दोनों श्रेणियों के पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य आवश्यक शर्तें भी निर्धारित की हैं.
200 नॉन-टीचिंग और 106 स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर के पदों पर भर्ती
झारखंड सरकार की ओर से जारी विज्ञापन के अनुसार, कुल 306 विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति दो श्रेणियों में की जाएगी. इनमें 200 नॉन-टीचिंग स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर के पद स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के तहत भरे जाएंगे, जबकि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत 106 स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर की नियुक्ति होगी. नॉन-टीचिंग पदों के लिए एनेस्थीसिया, डर्मेटोलॉजी, ईएनटी, फॉरेंसिक साइंस, स्त्री एवं प्रसूति रोग, नेत्र रोग, ऑर्थोपेडिक्स, पीडियाट्रिक्स, पैथोलॉजी, मेडिसिन, मनोरोग, रेडियोलॉजी और सर्जरी जैसी विशेषज्ञताओं को शामिल किया गया है. वहीं, एनएचएम के तहत एनेस्थीसिया, डर्मेटोलॉजी, ईएनटी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, नेत्र रोग, ऑर्थोपेडिक्स, जनरल मेडिसिन, मनोरोग, रेडियोलॉजी और सर्जरी के विशेषज्ञों का चयन किया जाएगा. चयनित चिकित्सकों की पोस्टिंग निर्धारित स्वास्थ्य संस्थानों में की जाएगी. एनएचएम के तहत नियुक्त चिकित्सकों की तैनाती विज्ञापन के अनुलग्नक-I में दिए गए स्थानों के अनुसार होगी. नॉन-टीचिंग पदों पर नियुक्ति अनुबंध के आधार पर की जाएगी और संबंधित विज्ञापन में निर्धारित नियम एवं शर्तें लागू होंगी.
8 अक्टूबर से आवेदन, 31 अक्टूबर तक मिलेगा मौका
विशेषज्ञ चिकित्सकों के दोनों श्रेणियों के पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 8 अक्टूबर 2026 की रात 11:59 बजे से शुरू होगी. योग्य अभ्यर्थी 31 अक्टूबर 2026 की रात 11:59 बजे तक आवेदन जमा कर सकेंगे. आयु की गणना के लिए भी 31 अक्टूबर 2026 को कट-ऑफ तिथि निर्धारित किया गया है. आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास एमबीबीएस की डिग्री के साथ संबंधित विशेषज्ञता में एनएमसी से मान्यता प्राप्त संस्थान से पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री या डिप्लोमा होना अनिवार्य है. इसके अलावा संबंधित मेडिकल काउंसिल में वैध पंजीकरण भी आवश्यक होगा. दोनों श्रेणियों के पदों के लिए न्यूनतम आयु 23 वर्ष और अधिकतम आयु 64 वर्ष निर्धारित की गई है. इच्छुक अभ्यर्थी झारखंड रूरल हेल्थ मिशन सोसाइटी की आधिकारिक वेबसाइट [www.jrhms.jharkhand.gov.in](http://www.jrhms.jharkhand.gov.in) और भर्ती पोर्टल [www.recruitment.jharkhand.gov.in](http://www.recruitment.jharkhand.gov.in) के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. आवेदन केवल निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल पर ही स्वीकार किए जाएंगे. उम्मीदवारों को आवेदन से पहले संबंधित भर्ती विज्ञापन में दिए गए सभी नियमों और शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है.

