VIDEO: सड़क पर टांके लगाने का वीडियो वायरल, लोगों ने कहा- ये इंजीनियरिंग है या सर्जरी?
बिहार में पुल-पुलियों और सड़कों की खराब स्थिति को लेकर लगातार चर्चाएं होती रही हैं. इसी बीच सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने सड़क मरम्मत के तरीकों पर नई बहस छेड़ दी है.

बिहार में पुल-पुलियों और सड़कों की खराब स्थिति को लेकर लगातार चर्चाएं होती रही हैं. इसी बीच सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने सड़क मरम्मत के तरीकों पर नई बहस छेड़ दी है. वायरल वीडियो में एक क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत करते हुए कुछ कर्मचारी दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में देखा जा सकता है कि पहले सड़क पर ड्रिल मशीन से कई छेद किए जाते हैं, इसके बाद उन छेदों में लोहे की छड़, सीमेंट और अन्य निर्माण सामग्री भरकर सड़क को जोड़ने की कोशिश की जाती है. इस अनोखे मरम्मत कार्य को देखकर सोशल मीडिया यूजर्स इसे सड़क पर “टांके लगाने” जैसा बता रहे हैं. करीब 2 मिनट 25 सेकेंड के इस वीडियो को कई प्लेटफॉर्म पर साझा किया गया है और लोग इसकी तुलना घायल मरीज के इलाज से कर रहे हैं. हालांकि वायरल वीडियो कहां का है और इसकी वास्तविक परिस्थितियां क्या हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है.
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है. कई यूजर्स ने इस तरीके को “जुगाड़ तकनीक” बताते हुए तंज कसा है, जबकि कुछ लोगों ने इसे सड़क निर्माण और मरम्मत व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला बताया है. एक यूजर ने लिखा कि “सड़क है या घायल मरीज, जिस पर टांके लगाए जा रहे हैं.” वहीं दूसरे लोगों का कहना है कि यदि सड़कें गुणवत्तापूर्ण बनाई जाएं तो बार-बार इस तरह की मरम्मत की जरूरत ही नहीं पड़े. कुछ यूजर्स ने यह भी सवाल उठाया कि क्या ऐसी मरम्मत पहली बारिश का सामना कर पाएगी या फिर कुछ ही दिनों में सड़क दोबारा क्षतिग्रस्त हो जाएगी. वीडियो ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता, रखरखाव और सरकारी कार्यप्रणाली को लेकर लोगों के बीच नई चर्चा छेड़ दी है.


