पंडरा में बनेगा स्ट्रीट वेंडर्स हब, संजय सेठ और मेयर रौशनी खलखो ने खाली जमीन का किया निरीक्षण
रांची में स्ट्रीट वेंडर्स के लिए स्थायी वेंडिंग जोन विकसित करने की दिशा में पहल तेज हो गई है. सांसद एवं रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और मेयर रौशनी खलखो ने पंडरा क्षेत्र में खाली सरकारी जमीन का निरीक्षण किया.

Ranchi: रांची के हजारों स्ट्रीट वेंडर्स को जल्द ही स्थायी स्थान मिलने की उम्मीद जगी है. रविवार को सांसद एवं रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और रांची की मेयर रौशनी खलखो ने पंडरा क्षेत्र में खाली सरकारी जमीन का संयुक्त निरीक्षण किया. इस पहल का उद्देश्य वर्षों से अस्थायी रूप से सड़क किनारे दुकान लगाकर आजीविका चलाने वाले स्ट्रीट वेंडर्स के लिए एक व्यवस्थित और स्थायी वेंडिंग जोन विकसित करना है. इसके साथ ही दैनिक मजदूरों के लिए भी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना बनाई जा रही है.
स्ट्रीट वेंडर्स के लिए बनेगा स्थायी वेंडिंग जोन
सांसद संजय सेठ ने हाल ही में हुई रांची नगर निगम परिषद की बैठक में स्ट्रीट वेंडर्स के लिए स्थायी और सुव्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था. इसी पहल को आगे बढ़ाते हुए रविवार को उन्होंने मेयर रौशनी खलखो के साथ पंडरा थाना के सामने स्थित खाली सरकारी भूमि और पंडरा पुल के आगे दाहिनी ओर स्थित खाली जगह का निरीक्षण किया. अधिकारियों के अनुसार इस भूमि को विकसित कर एक व्यवस्थित वेंडिंग जोन बनाया जा सकता है, जहां OTC मैदान से लेकर पंडरा फ्रेंड्स कॉलोनी तक सड़क किनारे दुकान लगाने वाले स्ट्रीट वेंडर्स को स्थान दिया जाएगा. इससे उन्हें बार-बार हटाए जाने की समस्या से राहत मिलेगी और वे सम्मानजनक तरीके से अपना रोजगार संचालित कर सकेंगे. इस पहल का उद्देश्य छोटे कारोबारियों की आजीविका को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना है.
मजदूरों के लिए शेड और शौचालय की भी होगी व्यवस्था
निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों ने केवल स्ट्रीट वेंडर्स ही नहीं, बल्कि दैनिक मजदूरी करने वाले श्रमिकों की सुविधाओं पर भी चर्चा की. प्रस्तावित योजना के तहत स्थल पर श्रमिकों के लिए शेड, स्वच्छ पेयजल और सार्वजनिक शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं विकसित करने का भी विचार है. इससे रोजाना काम की तलाश में आने वाले मजदूरों और छोटे व्यापारियों दोनों को राहत मिलेगी. निरीक्षण के दौरान वार्ड 32 के पार्षद संजय कुमार, वार्ड 33 की पार्षद पुष्पा टोप्पो, वार्ड 34 के पार्षद अजीत कच्छप सहित अशोक मुंडा, सुबेश पांडेय, देवन होंडा, सुशील कुमार और मनोज चौधरी भी मौजूद रहे. जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सभी संबंधित विभागों के समन्वय से इस योजना को जल्द धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा, ताकि स्ट्रीट वेंडर्स को स्थायी और सम्मानजनक रोजगार का वातावरण मिल सके.




