विद्यालयों में विशेष आधार अपडेट अभियान शुरू, पहले दिन 185 विद्यार्थियों के आधार में हुआ संशोधन
साहिबगंज में 22 जून से 3 अगस्त 2026 तक विद्यालयों में विशेष आधार अपडेट अभियान चलाया जा रहा है। पहले दिन 14 स्कूलों में शिविर लगाकर 185 विद्यार्थियों के आधार में संशोधन और बायोमेट्रिक अपडेट किए गए।

साहिबगंज से अमान की रिपोर्ट-
Sahebganj: साहिबगंज जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों को आधार से जुड़ी सेवाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने और विभिन्न शैक्षणिक व सरकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से जिलेभर के विद्यालयों में विशेष आधार अपडेशन एवं बायोमेट्रिक अपडेट अभियान शुरू किया है. यह अभियान 22 जून से 3 अगस्त 2026 तक संचालित किया जाएगा. अभियान के तहत सोमवार को जिले के सभी प्रखंडों में चयनित 14 विद्यालयों में विशेष आधार अपडेट शिविर लगाए गए, जहां छात्र-छात्राओं के आधार कार्ड में नाम, जन्मतिथि, पता, बायोमेट्रिक अपडेट समेत विभिन्न आवश्यक संशोधन किए गए.
जिला प्रशासन के अनुसार अभियान के पहले दिन कुल 185 विद्यार्थियों के आधार से संबंधित कार्य सफलतापूर्वक पूरे किए गए. प्रशासन का लक्ष्य सभी पात्र विद्यार्थियों का आधार समयबद्ध तरीके से अपडेट कराना है, ताकि उन्हें छात्रवृत्ति, शिक्षा संबंधी सुविधाओं और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के मिल सके. अधिकारियों ने बताया कि यह पहल विद्यार्थियों के डिजिटल सशक्तिकरण और समावेशी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जिससे स्कूल स्तर पर ही आधार संबंधी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा.



