दिल्ली जाने निकले तीन नाबालिग बच्चों को बड़हरवा स्टेशन पर RPF ने बचाया
साहिबगंज के बड़हरवा रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत तीन नाबालिग बच्चों को सुरक्षित बचाया. तीनों बच्चे अपने परिजनों को बिना बताए घर से निकलकर मजदूरी करने के उद्देश्य से दिल्ली जाने की तैयारी में थे.

साहिबगंज से अमान की रिपोर्ट-
Sahebganj: रेलवे सुरक्षा बल मालदा मंडल द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत बुधवार सुबह बड़हरवा रेलवे स्टेशन पर तीन नाबालिग बालकों को सुरक्षित बचाया गया. मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन और सहायक सुरक्षा प्रभारी बरुण कुमार बेहरा के पर्यवेक्षण में आरपीएफ पोस्ट बड़हरवा की टीम स्टेशन पर नियमित निगरानी कर रही थी. इसी दौरान सुबह करीब 5:05 बजे प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर तीन बच्चे संदिग्ध अवस्था में अकेले घूमते दिखाई दिए. पूछताछ में बच्चों ने बताया कि वे घर से बिना बताए निकले हैं और काम की तलाश में दिल्ली जाने की योजना बना रहे थे. बच्चों की स्थिति को देखते हुए आरपीएफ ने उन्हें तत्काल सुरक्षा में लिया और पोस्ट पर लाकर आवश्यक प्रक्रिया शुरू की.
बाल श्रम और असुरक्षित पलायन रोकने की पहल
बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आरपीएफ ने मंथन संस्था, राजमहल को मामले की जानकारी दी. परामर्श और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद तीनों बच्चों को देखभाल, संरक्षण और आगे की कार्रवाई के लिए संस्था के प्रतिनिधियों को सौंप दिया गया. आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की कार्रवाई मानव तस्करी, बाल श्रम और असुरक्षित पलायन को रोकने की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण है. उन्होंने लोगों से अपील की कि रेलवे स्टेशन या रेल परिसरों में यदि कोई बच्चा संदिग्ध या असहाय स्थिति में दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत रेलवे हेल्पलाइन या नजदीकी आरपीएफ कर्मियों को दें, ताकि समय रहते उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.



