साहिबगंज में नशा कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, 283 ग्राम गांजा बरामद; महिला गिरफ्तार
excerption साहिबगंज के तालझारी थाना क्षेत्र के जमुनी (सकरीगली) गांव में पुलिस ने छापेमारी कर 283 ग्राम गांजा बरामद किया है. इस मामले में माया देवी (45) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की गई है.

Report: अमान
Sahebganj: जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. तालझारी थाना क्षेत्र के जमुनी (सकरीगली) गांव में पुलिस ने छापेमारी कर 283 ग्राम गांजा बरामद किया है. इस मामले में माया देवी (45), पति प्रेमलाल महलदार, को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की गई है.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 11 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि जमुनी गांव में प्रेमलाल महलदार के घर पर गांजा की बिक्री की जा रही है. सूचना के सत्यापन के बाद अंचलाधिकारी तालझारी रामसुमन प्रसाद की मौजूदगी में पुलिस टीम ने संबंधित घर पर छापेमारी की. इस दौरान घर के पीछे एक महिला काले रंग के प्लास्टिक में गांजा लेकर भागने का प्रयास कर रही थी. पुलिस ने उसे पकड़ लिया और तलाशी के दौरान 283 ग्राम गांजा बरामद कर जब्त कर लिया.
मामले में तालझारी थाना कांड संख्या 177/26, दिनांक 11 अक्टूबर 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने स्पष्ट कहा है कि जिले में नशे के कारोबार में शामिल लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी. छापेमारी दल में अंचलाधिकारी रामसुमन प्रसाद, थाना प्रभारी नितेश कुमार पांडेय, सहायक अवर निरीक्षक रंजन कुमार यादव तथा तालझारी थाना रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे.

