झारखंड में लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, 7-8 जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी
झारखंड में लगातार दो दिनों की बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है. रांची समेत कई जिलों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है. मौसम विभाग ने 7 और 8 जुलाई के लिए भारी बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात की चेतावनी देते हुए येलो अलर्ट जारी किया है.

Ranchi: मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है. राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है. कई शहरी और ग्रामीण इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. कई प्रमुख सड़कों पर पानी भर जाने से यातायात प्रभावित हुआ, जबकि नालियों का पानी सड़क पर आने से स्थिति और गंभीर हो गई. इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 7 और 8 जुलाई के लिए राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है.
रांची समेत कई जिलों में जलजमाव से बढ़ी परेशानी
सोमवार तड़के से राजधानी रांची में रुक-रुक कर बारिश होती रही. हालांकि दोपहर बाद मौसम कुछ साफ हुआ, लेकिन शहर के कई इलाकों में सड़कों पर जमा पानी देर तक लोगों के लिए परेशानी का कारण बना रहा. जलनिकासी की व्यवस्था प्रभावित होने से कई स्थानों पर यातायात भी धीमा पड़ गया. अपर बाजार, सेवा सदन रोड, गाड़ीखाना, हरमू रोड, अरगोड़ा और पंडरा रोड समेत कई इलाकों में जलजमाव देखने को मिला. सड़कों पर पानी भरने से वाहन चालकों को सावधानी बरतनी पड़ी, जबकि पैदल राहगीरों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
9 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने झारखंड में 9 जुलाई तक कई जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. विभाग के अनुसार 6 जुलाई को गुमला, रांची, लोहरदगा, लातेहार, गढ़वा, पलामू, चतरा और हजारीबाग में मूसलाधार बारिश की संभावना है. वहीं 7 से 9 जुलाई के बीच संताल परगना प्रमंडल के सभी जिलों में भारी वर्षा और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है. पूर्वानुमान के अनुसार राजधानी रांची और आसपास के जिलों में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा. लगातार हो रही वर्षा से जहां किसानों को खेती के लिए राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं आम लोगों को उमस और गर्मी से भी राहत मिल सकती है.
मौसम विभाग की एडवाइजरी, सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें. विशेष रूप से वज्रपात और तेज हवा की संभावना को देखते हुए खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है. इससे मौसम अपेक्षाकृत ठंडा और सुहावना रहने की संभावना है.
जानिए किस जिले में कितना रहा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, डालटनगंज में सोमवार को राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बोकारो में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि जमशेदपुर में यह 30.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं चाईबासा का अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा. मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में लगातार बारिश के कारण तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है.



