साहिबगंज में अवैध लॉटरी के कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1879 टिकट के साथ एक व्यक्ति गिरफ्तार
साहिबगंज के राजमहल थाना क्षेत्र के कसवा गांव में पुलिस ने छापेमारी कर 1879 अवैध लॉटरी टिकट और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन के साथ राजीव मंडल को गिरफ्तार किया है. एसपी अमित कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध लॉटरी का कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई...

Report: अमान
Sahebganj: जिले में अवैध लॉटरी के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. इसी क्रम में राजमहल थाना क्षेत्र के कसवा गांव में छापेमारी कर पुलिस ने 1879 अवैध लॉटरी टिकट के साथ राजीव मंडल नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी कसवा गांव का निवासी है. पुलिस ने उसके पास से लॉटरी टिकटों के अलावा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया है.
पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर की शाम पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह को कसवा गांव में अवैध लॉटरी की खरीद-बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया. टीम ने गांव में घेराबंदी कर भागने की कोशिश कर रहे राजीव मंडल को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद एक झोले से विभिन्न कंपनियों के 57 बंडलों में रखे कुल 1879 लॉटरी टिकट बरामद किए गए.
मामले में राजमहल थाना कांड संख्या 358/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की जांच कर रही है. गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की गई. पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने स्पष्ट कहा है कि जिले में अवैध लॉटरी का कारोबार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि इस धंधे में शामिल लोग छोटे हों या बड़े, सभी के खिलाफ कार्रवाई होगी. छापेमारी दल में राजमहल थाना के पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.

