बड़ा विमान हादसा टला! उड़ते ही टूटी खिड़की, हवा में आधा बाहर लटक गया यात्री
ग्रीस से जर्मनी जा रही रयानएयर (Ryanair) की एक फ्लाइट में उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद खिड़की टूटने से बड़ा हादसा टल गया. तेज हवा के दबाव के कारण एक यात्री का आधा शरीर विमान से बाहर निकल गया, लेकिन साथी यात्रियों ने उसे समय रहते अंदर खींच लिया.

यूरोप की लो-कॉस्ट एयरलाइन रयानएयर (Ryanair) की एक फ्लाइट में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद विमान की एक खिड़की टूट गई. तेज हवा के दबाव के कारण खिड़की के पास बैठा एक यात्री आधा विमान से बाहर लटक गया. साथी यात्रियों की सूझबूझ और पायलट की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया. विमान को तुरंत वापस ग्रीस के एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया. घटना के बाद यात्री को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई.
खिड़की टूटते ही मची अफरा-तफरी, यात्रियों ने बचाई जान
यह विमान ग्रीस से जर्मनी के लिए उड़ान भर रहा था. उड़ान शुरू होने के कुछ ही समय बाद विमान की एक खिड़की अचानक टूटकर अलग हो गई. केबिन का दबाव तेजी से कम होने लगा और खिड़की के पास बैठे सर्बिया के एक यात्री का शरीर हवा के तेज खिंचाव के कारण आधा बाहर निकल गया. विमान में मौजूद अन्य यात्रियों ने तुरंत उसे पकड़कर अंदर खींच लिया, जिससे उसकी जान बच गई. घटना के बाद पायलट ने इमरजेंसी घोषित करते हुए विमान को वापस ग्रीस के एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार दिया. एयरलाइन ने पुष्टि की कि तकनीकी खराबी के कारण विमान को लौटाना पड़ा. घायल यात्री को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि उसकी स्थिति स्थिर है और जान को कोई खतरा नहीं है.
इंजन का हिस्सा खिड़की से टकराया, पहले भी आई थी तकनीकी खराबी
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, उड़ान के दौरान विमान के इंजन का एक हिस्सा टूटकर खिड़की से टकराया, जिससे शीशा चकनाचूर हो गया. इसके बाद केबिन के अंदर का एयर प्रेशर तेजी से बाहर निकलने लगा और यात्री खिड़की की ओर खिंच गया. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में इंजन के ब्लेड क्षतिग्रस्त दिखाई देने का दावा किया गया है. रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि इसी विमान में एक दिन पहले भी तकनीकी खराबी सामने आई थी, जिसके कारण उसे बीच रास्ते से वापस लौटना पड़ा था. यह विमान बोइंग 737 NG मॉडल का बताया जा रहा है. घटना के बाद विमान की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है और सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं.
यूरोप की सबसे सस्ती एयरलाइंस में शामिल है Ryanair
रयानएयर यूरोप की प्रमुख अल्ट्रा लो-कॉस्ट एयरलाइंस में गिनी जाती है. कम किराए के कारण यह बड़ी संख्या में यात्रियों की पसंद है, लेकिन अतिरिक्त सुविधाओं के लिए अलग से शुल्क लिया जाता है. एयरलाइन यात्रियों से बोर्डिंग पास, सीट चयन, चेक-इन और अतिरिक्त सामान के लिए भी शुल्क वसूलती है. आमतौर पर यात्री केवल एक छोटा अंडर-सीट बैग बिना अतिरिक्त शुल्क के ले जा सकते हैं. करीब 1,200 किलोमीटर की दूरी वाली उड़ानों का किराया कई बार 10 से 30 यूरो तक भी मिल जाता है, जो अन्य एयरलाइंस की तुलना में काफी कम माना जाता है. हालांकि किराया यात्रा की तारीख, मांग और सीट उपलब्धता के अनुसार बदलता रहता है.


