धुर्वा सुसाइड केस में SSP की बड़ी कार्रवाई, IO लालमोहन पाण्डेय सस्पेंड, थाना प्रभारी पर भी गिरी गाज
धुर्वा थाना क्षेत्र में पेशे से चालक प्रधान यादव की आत्महत्या के मामले को गंभीरता से लेते हुए SSP राकेश रंजन ने बड़ी कार्रवाई की है. एसएसपी के निर्देश पर केस के IO (अनुसंधानकर्ता) जमादार लालमोहन पाण्डेय और उनके सहयोगी जितेंद्र टुडू को तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया गया है.

Ranchi: धुर्वा थाना क्षेत्र में पेशे से चालक प्रधान यादव की आत्महत्या के मामले को गंभीरता से लेते हुए SSP राकेश रंजन ने बड़ी कार्रवाई की है. एसएसपी के निर्देश पर केस के IO (अनुसंधानकर्ता) जमादार लालमोहन पाण्डेय और उनके सहयोगी जितेंद्र टुडू को तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया गया है. वहीं, धुर्वा थाना प्रभारी अरुण महथा को भी निलंबित करने की अनुशंसा जोनल आईजी से की गई है.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, बीती 4 जून को धुर्वा थाना क्षेत्र के डी.टी खटाल में पड़ोसियों के बीच हुए विवाद में प्रधान यादव के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई थी. आरोप है कि इस मामले में केस के आईओ और उनके सहयोगियों द्वारा प्रधान यादव को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था. इसी मानसिक तनाव और डिप्रेशन में आकर प्रधान यादव ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली.
डीएसपी के नेतृत्व में जांच टीम गठित
इस घटना के बाद धुर्वा थाना क्षेत्र में भारी आक्रोश है और स्थानीय लोगों द्वारा थाने के घेराव की भी खबर है. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी ने हटिया डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


