कुमकुम देवी ने भाजपा परिवार से मांगी माफी, बोलीं- दरी बिछाने की जिम्मेदारी मिले तो भी पूरी ईमानदारी से करूंगी काम
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में कुमकुम देवी ने प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में पार्टी परिवार से माफी मांगी. उन्होंने अपनी गलती से सीख लेने और भाजपा को मजबूत करने के लिए एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में काम करने का संकल्प जताया.

Ranchi: भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित मिलन समारोह में कुमकुम देवी ने भाजपा परिवार से माफी मांगी. उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में इसे नहीं दोहराने और पार्टी को मजबूत करने के लिए एक कार्यकर्ता के रूप में पूरी निष्ठा से काम करने का संकल्प लिया. कुमकुम देवी ने अपने संबोधन में भाजपा परिवार से हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए कहा कि उनसे जो गलती हुई है, उसे वह दोबारा नहीं दोहराएंगी. उन्होंने कहा कि इंसान अपनी गलतियों से सीखता है और उन्हें भी अपनी गलती से सीखने का अवसर मिला है. भाजपा से अपने परिवार के पुराने संबंधों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि उनके परिवार के सदस्य भाजपा के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे हैं और दो बार विधायक भी रह चुके हैं. ऐसे में पार्टी की विचारधारा और संस्कारों से उनका गहरा जुड़ाव है.
कुमकुम देवी ने स्पष्ट किया कि वह किसी पद की इच्छा से नहीं, बल्कि एक कार्यकर्ता के रूप में पार्टी से जुड़ी हैं. उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, चाहे दरी बिछाने का काम ही क्यों न हो, वह उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगी. उन्होंने गिलहरी के योगदान का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह भगवान राम के सेतु निर्माण में गिलहरी ने अपना योगदान दिया था, उसी तरह वह भी भाजपा को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाना चाहती हैं. उन्होंने अपने साथ आई महिलाओं और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पार्टी के लिए समर्पित भाव से काम करने का संकल्प भी जताया.
अपने संबोधन में कुमकुम देवी ने झारखंड और बरकट्ठा में रोजगार, युवाओं के भविष्य, आम लोगों की आजीविका और बच्चों की शिक्षा एवं भविष्य से जुड़े मुद्दों पर भी चिंता जताई. उन्होंने कहा कि आज बुजुर्गों सहित समाज के कई वर्गों को अपनी जरूरतें पूरी करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. ऐसे में जनता को प्रदेश के विकास, रोजगार और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए. उन्होंने कहा कि आज गलत सूचनाओं के जरिए लोगों को गुमराह करने की कोशिशें भी हो रही हैं, इसलिए पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को पूरे तन-मन-धन से काम करना होगा. कुमकुम देवी ने झारखंड की जनता से अपील की कि वे अपने और अपने बच्चों के बेहतर भविष्य को ध्यान में रखते हुए विकास और रोजगार जैसे विषयों को प्राथमिकता दें. उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर अपनी बात रखेंगे और संगठन को मजबूत करने के लिए काम करेंगे. अंत में उन्होंने अपनी गलती से सीख लेकर भविष्य में उसे नहीं दोहराने का संकल्प दोहराया और जय हिंद, जय भारत के उद्घोष के साथ अपना संबोधन समाप्त किया.

