झारखंड हाईकोर्ट को मिला नया मुख्य न्यायाधीश, जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक ने ली शपथ
झारखंड हाईकोर्ट के नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति महेश शरदचंद्र सोनक ने शुक्रवार को अपने पद की शपथ ग्रहण की. राजधानी रांची स्थित लोक भवन के बिरसा मंडप में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई.

Ranchi: झारखंड हाईकोर्ट के नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति महेश शरदचंद्र सोनक ने शुक्रवार को अपने पद की शपथ ग्रहण की. राजधानी रांची स्थित लोक भवन के बिरसा मंडप में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी मौजूद रहे.
शपथ ग्रहण समारोह के बाद राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मुख्य न्यायाधीश महेश शरदचंद्र सोनक को शुभकामनाएं और बधाई दीं. समारोह में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, मंत्री राधा कृष्ण किशोर, मंत्री दीपिका पांडे सिंह, विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो समेत झारखंड हाईकोर्ट के कई न्यायाधीश उपस्थित रहे.
इसके अलावा भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) और भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के वरिष्ठ अधिकारी, झारखंड हाईकोर्ट के पदाधिकारी, वरिष्ठ अधिवक्ता और अन्य गणमान्य लोग भी समारोह में शामिल हुए.
गौरतलब है कि जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक गुरुवार को रांची पहुंचे थे, जहां बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर हाईकोर्ट के न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं और रजिस्ट्री के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया था. उनका जन्म 28 नवंबर 1964 को हुआ था. उन्होंने गोवा के पणजी स्थित डॉन बॉस्को हाई स्कूल से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की. इसके बाद धेम्पे कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड साइंस से बीएससी और एम.एस. कॉलेज ऑफ लॉ, पणजी से प्रथम श्रेणी में एलएलबी की डिग्री हासिल की. इसके अतिरिक्त उन्होंने जेवियर सेंटर ऑफ हिस्टोरिकल रिसर्च से पुर्तगाली भाषा में डिप्लोमा भी किया है.
जस्टिस सोनक अक्तूबर 1988 में महाराष्ट्र और गोवा बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में नामांकित हुए. उन्होंने बॉम्बे हाईकोर्ट की पणजी पीठ में सिविल और संवैधानिक कानून, श्रम एवं सेवा कानून, पर्यावरण कानून, वाणिज्यिक और कर कानून, कंपनी कानून तथा जनहित याचिकाओं के मामलों में व्यापक प्रैक्टिस की. अपने विधिक करियर के दौरान उन्होंने केंद्र सरकार के लिए अतिरिक्त स्थायी अधिवक्ता, राज्य सरकार के लिए विशेष अधिवक्ता और विभिन्न निगमों को कानूनी सेवाएं दीं.
उनकी विधिक दक्षता और अनुभव को देखते हुए 21 जून 2013 को उन्हें बॉम्बे हाईकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया था. अब वे झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभालेंगे.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.



Leave a comment