झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा का भव्य समापन, 20 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र, मेधावी छात्रों को लैपटॉप, सखी मंडलों को 86.30 लाख रुपये वितरित
देवघर में झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन समारोह में 20 नवनियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र, मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप, मोबाइल और नकद पुरस्कार दिए गए. वहीं, सखी मंडलों एवं ग्राम संगठनों के बीच कुल 86.30 लाख रुपये वितरित किए गए.

Deoghar: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन पर शनिवार को सूचना भवन सभागार में सम्मान-सह-परिसंपत्ति वितरण समारोह आयोजित किया गया. उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा, विकास, आजीविका और जनकल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया. समारोह में 20 नवनियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए. वहीं, मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप, मोबाइल फोन और नकद पुरस्कार के चेक प्रदान किए गए. सखी मंडलों एवं ग्राम संगठनों के बीच कुल 86 लाख 30 हजार रुपये वितरित किए गए. कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, अपर समाहर्ता हीरा कुमार और अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार समेत कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे.
अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन का लक्ष्य : उपायुक्त
उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि स्थापना दिवस पखवाड़ा का उद्देश्य प्रशासन को आम जनता तक पहुंचाना और सरकारी योजनाओं का लाभ योग्य लाभुकों तक सुनिश्चित करना है. अधिकारियों और कर्मियों ने टीम भावना के साथ विभिन्न अभियान चलाकर कार्यक्रम को सफल बनाया. उन्होंने लाभुकों से प्राप्त परिसंपत्तियों का सदुपयोग कर आत्मनिर्भर बनने की अपील की. शिक्षा, खेल और प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. उपायुक्त ने बच्चों और युवाओं को सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग करने तथा ज्ञानवर्धन और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है.
शांति और सुरक्षा से ही राज्य का समग्र विकास संभव : एसपी
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने कहा कि राज्य के समग्र विकास के लिए शांति, सुरक्षा और मजबूत कानून-व्यवस्था जरूरी है. देवघर पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा और विश्वास कायम रखने के लिए प्रतिबद्ध है. स्थापना दिवस पखवाड़े के दौरान चलाए गए जनजागरूकता अभियानों से पुलिस और जनता के बीच समन्वय मजबूत हुआ है. उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा ने मनरेगा, आवास योजना, आजीविका मिशन और पेंशन योजनाओं की उपलब्धियां बताते हुए कहा कि इनके माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त किया जा रहा है. नगर आयुक्त सुलोचना मीना ने शहरी स्वच्छता, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और शहरी गरीबों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने में नागरिकों की भागीदारी को अहम बताया.
मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप, मोबाइल और दो लाख तक के पुरस्कार
समारोह में जैक, आईसीएसई और सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया. अनुष्का (संत फ्रांसिस स्कूल) को आईसीएसई 12वीं में द्वितीय रैंक पर लैपटॉप, मोबाइल और दो लाख रुपये का चेक मिला. अनन्त कृति (आरके मिशन) को सीबीएसई 10वीं में द्वितीय रैंक के लिए समान पुरस्कार दिया गया. सिद्धांत कुमार (आरकेभी विद्या मंदिर, जसीडीह) को तृतीय रैंक पर लैपटॉप, मोबाइल और एक लाख रुपये मिले. अनिष कुमार और रिषभ त्रिवेदी को सीबीएसई 10वीं में उपलब्धियों के लिए लैपटॉप प्रदान किया गया. राज्य ओलंपियाड में प्रथम रैंक प्राप्त करने वाले निशिकांत चौधरी और बिक्रम कुमार शर्मा को लैपटॉप एवं मेडल से सम्मानित किया गया. राज्य स्तरीय आईसीटी चैंपियनशिप के नौ प्रतिभागियों को भी प्रशस्ति पत्र दिए गए.
20 नवनियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र, सखी मंडलों को 86.30 लाख
कार्यक्रम में कक्षा छह से आठ तक के लिए चयनित 20 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिया गया. इनमें 11 भाषा विषय के स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य और नौ गणित एवं विज्ञान के सहायक आचार्य शामिल हैं. नियुक्ति पत्र मिलने पर शिक्षकों में खुशी देखी गई. जेएसएलपीएस के माध्यम से 65 ग्राम संगठनों को ग्राम संगठन निधि के तहत 65 लाख रुपये तथा 71 सखी मंडलों को चक्रीय निधि के तहत 21 लाख 30 हजार रुपये के चेक दिए गए. कुल 86 लाख 30 हजार रुपये वितरित किए गए. प्राकृतिक खेती में उत्कृष्ट योगदान के लिए पालोजोरी प्रखंड के बरजोरी पंचायत स्थित हड़तोपा गांव की आशा देवी को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम के अंत में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती ने धन्यवाद ज्ञापन किया. मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, स्कूली बच्चे और बड़ी संख्या में लाभुक मौजूद थे.
संबंधित ख़बरें
और JHARKHAND ख़बरें
हेमंत सरकार के खिलाफ BJP की चार्जशीट, अभिषेक भारती के मामले को बनाया बड़ा मुद्दा; सात साल के शासन पर सवाल
साहिबगंज के मजहर टोला में महिला को झांकने के विवाद में मारपीट, आधा दर्जन से अधिक घायल
जसीडीह पड़ाव शुल्क को लेकर फिर भड़के चालक, 10 की जगह 50 रुपये वसूली का आरोप

आदर्श गांवों के विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समयसीमा में योजनाएं पूरी करें : डीसी

देवघर में बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में भाजपा की पदयात्रा, सरकार के खिलाफ बुलंद की आवाज

साहिबगंज पुलिस को मिली नई सौगात, 4 नवनिर्मित भवनों का सीएम हेमंत सोरेन ने किया ऑनलाइन उद्घाटन


