झारखंड में 9 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट, वज्रपात और तेज हवा का खतरा
मौसम विभाग ने रांची समेत झारखंड के कई जिलों में 9 जुलाई तक बारिश, वज्रपात और 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की है। इसे देखते हुए येलो अलर्ट घोषित किया गया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है.

Ranchi: झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. मौसम विभाग ने राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में 9 जुलाई तक बारिश, वज्रपात और तेज हवा चलने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की अपील की गई है. रविवार सुबह रांची और आसपास के इलाकों में हुई हल्की बारिश से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली.
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से 5 जुलाई तक झारखंड में सामान्य 236.1 मिलीमीटर बारिश के मुकाबले केवल 129 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य से लगभग 45 प्रतिशत कम है. पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में सबसे अधिक 50.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. वहीं राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान डाल्टनगंज में 35.5 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान रांची के नामकुम में 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक सतर्क रहने की सलाह दी है.



