रांची : बुलडोजर कार्रवाई के बाद बेघर हुआ परिवार, देर रात पीड़ित से मिलने पहुंचीं मेयर रौशनी खलखो
रांची नगर निगम की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद मोरहाबादी में एक परिवार बेघर हो गया. देर रात रांची की मेयर रौशनी खलखो पीड़ित महिला से मिलने पहुंचीं, अधिकारियों को तत्काल अस्थायी ठहरने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए.

Ranchi: नगर निगम की अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई के बाद मोरहाबादी में एक परिवार बेघर हो गया. शनिवार को निगम ने शहर के कई इलाकों में बुलडोजर चलाकर अवैध कब्जे हटाए, जिसमें ऑक्सीजन पार्क के पास रहने वाली एक महिला की झोपड़ी भी टूट गई. आशियाना उजड़ने के बाद महिला अपने परिवार और सामान के साथ घंटों सड़क किनारे बैठी रही. देर रात घटना की जानकारी मिलने पर रांची की मेयर रौशनी खलखो खुद मौके पर पहुंचीं, पीड़ित परिवार से मुलाकात की और अधिकारियों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.
मोरहाबादी और हरमू में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान
शनिवार को रांची नगर निगम ने मोरहाबादी, रजिस्ट्री कार्यालय, ऑक्सीजन पार्क, रांची कॉलेज के पीछे सरना टोली और हरमू रोड समेत कई क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया. निगम के अनुसार इन इलाकों में अवैध कब्जों के कारण सड़कें संकरी हो रही थीं और यातायात प्रभावित हो रहा था. कार्रवाई के दौरान ऑक्सीजन पार्क की चहारदीवारी के किनारे बनी कई झोपड़ियां और अस्थायी निर्माण हटाए गए. तिरुपति टावर परिसर के पास गिफ्ट-डीड की जमीन पर बनी एक अवैध दुकान को भी ध्वस्त किया गया. वहीं हरमू रोड स्थित शनि मंदिर के आसपास चिन्हित अतिक्रमण भी हटाया गया. इसी कार्रवाई में मोरहाबादी में रहने वाली एक महिला का घर भी टूट गया, जिसके बाद वह अपने परिवार और घरेलू सामान के साथ खुले आसमान के नीचे सड़क किनारे रहने को मजबूर हो गई. महिला ने आरोप लगाया कि कार्रवाई से पहले उन्हें पर्याप्त समय और स्पष्ट सूचना नहीं दी गई थी.
देर रात पीड़ित परिवार से मिलीं मेयर, राहत और आवास का दिया भरोसा
घटना की जानकारी मिलते ही रांची की मेयर रौशनी खलखो देर रात स्वयं मोरहाबादी पहुंचीं और बेघर हुए परिवार से मुलाकात की. उन्होंने महिला और उसके परिजनों से बातचीत कर पूरी स्थिति की जानकारी ली तथा उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया. मेयर ने मौके से ही नगर आयुक्त और संबंधित अधिकारियों से बात कर परिवार के लिए तत्काल अस्थायी ठहरने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए. साथ ही पात्रता के आधार पर सरकारी आवास योजना के तहत स्थायी आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू करने का भी आश्वासन दिया. मेयर ने कहा कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाना जरूरी है, लेकिन यह भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि कार्रवाई के दौरान जरूरतमंद और गरीब परिवारों के मानवीय अधिकारों की अनदेखी न हो. उनके इस दौरे के बाद प्रशासन ने पीड़ित परिवार को राहत उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.




