कांग्रेस है ‘नाराज फूफा’, कुछ लोग भारत के विकास से कभी खुश नहीं हो सकते; वडोदरा में PM मोदी ने कहा
वडोदरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस को ‘नाराज फूफा’ बताते हुए कहा कि कुछ लोग भारत के विकास से कभी खुश नहीं हो सकते. PM मोदी ने फ्रेट कॉरिडोर, Gen-Z, AI, स्किल डेवलपमेंट और ₹35 हजार करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं पर भी बात की.
Vadodara: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को गुजरात के वडोदरा में ‘NaMo for Viksit Bharat’ कार्यक्रम में कांग्रेस पर तंज कसते हुए उसे ‘नाराज फूफा’ बताया. पीएम मोदी ने कहा कि कुछ लोग भारत के विकास से कभी खुश नहीं हो सकते. उन्होंने कहा कि देश में विकास की रफ्तार बढ़ी है और इसका असर कनेक्टिविटी से लेकर उद्योग तक दिखाई दे रहा है. वडोदरा में अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, युवाओं, Gen-Z, AI, स्किल डेवलपमेंट, मेड इन इंडिया और विकसित भारत के लक्ष्य पर भी बात की. इस दौरान 35 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण किया गया.
‘नाराज फूफा’ को लेकर PM मोदी ने फिर सुनाया किस्सा
पीएम मोदी ने कहा कि देश में जब विकास की कोई बड़ी परियोजना आगे बढ़ती है तो कुछ लोगों को उसमें भी कमी नजर आती है. इसी संदर्भ में उन्होंने कांग्रेस पर ‘नाराज फूफा’ वाला तंज कसा. उन्होंने कहा कि कुछ लोग भारत की प्रगति से कभी खुश नहीं हो सकते. पीएम मोदी ने डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का उदाहरण देते हुए कहा कि माल ढुलाई के लिए अलग कॉरिडोर बनने से देश के एक हिस्से से दूसरे हिस्से तक सामान पहुंचाने की क्षमता बढ़ी है. उन्होंने डबल कंटेनर मालगाड़ी का जिक्र करते हुए कहा कि इससे एक बार में बड़ी मात्रा में माल को मुंबई के JNPT जैसे बंदरगाहों तक पहुंचाया जा सकता है.
2004 में सोचा गया, 2014 तक फाइलों में रहा फ्रेट कॉरिडोर
पीएम मोदी ने पिछली सरकार के कामकाज का जिक्र करते हुए कहा कि डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की अवधारणा 2004 में सामने आई थी और 2006 में इसके लिए कंपनी बनाई गई, लेकिन 2014 तक परियोजना की फाइलें आगे नहीं बढ़ सकीं. उन्होंने कहा कि अब 2,800 किलोमीटर से ज्यादा लंबा डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर नेटवर्क पूरा हो चुका है. वडोदरा में पश्चिमी डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के तीन सेक्शन राष्ट्र को समर्पित किए गए. इनमें कुल 326 किलोमीटर का हिस्सा शामिल है और इन पर 20,700 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च हुआ है. इसके साथ ही देश का पूरा DFC नेटवर्क अब परिचालन में आ गया है.
Gen-Z से PM मोदी का संवाद, बोले- युवाओं की भूमिका सबसे बड़ी
वडोदरा का कार्यक्रम युवाओं पर खास फोकस के साथ आयोजित किया गया था. पीएम मोदी ने Gen-Z से संवाद करते हुए विकसित भारत की यात्रा में युवाओं की भूमिका पर बात की. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सिर्फ डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं होगा. युवाओं को बदलती तकनीक और रोजगार की जरूरतों के मुताबिक अपनी स्किल को लगातार अपडेट करना होगा. कार्यक्रम में युवाओं और स्टार्टअप से जुड़े लोगों की भी भागीदारी रही.
AI में आगे बढ़ने के लिए इकोसिस्टम बनाने पर जोर
पीएम मोदी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को भारत के भविष्य से जोड़ते हुए कहा कि देश को AI का सुपरपावर बनने के लिए पूरा इकोसिस्टम तैयार करना होगा. इसके लिए तकनीक के साथ युवाओं की ट्रेनिंग और स्किल अपग्रेडेशन जरूरी है. उन्होंने यूरेनियम और रेयर अर्थ मटेरियल जैसे संसाधनों की उपलब्धता बढ़ाने की जरूरत भी बताई. पीएम ने कहा कि भारत को केवल नई तकनीक का इस्तेमाल करने वाला देश नहीं, बल्कि तकनीक और उत्पाद तैयार करने वाला देश बनना होगा.
रेल-रोड और कनेक्टिविटी के लिए ₹35 हजार करोड़ से ज्यादा
वडोदरा दौरे में प्रधानमंत्री ने 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इनमें पश्चिमी डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के तीन सेक्शन के अलावा रेलवे और हाईवे से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं. इसके अलावा 329 किलोमीटर की नई रेलवे परियोजनाओं और करीब 1,780 करोड़ रुपये की हाईवे परियोजनाओं पर भी काम आगे बढ़ाया गया. गुजरात सरकार की करीब 2,600 करोड़ रुपये की परियोजनाओं में वडोदरा रिंग रोड के दूसरे चरण और 110 मेगावाट के फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट जैसे काम शामिल हैं. पीएम मोदी ने कहा कि तेज और बेहतर कनेक्टिविटी विकसित भारत की बुनियाद को मजबूत करेगी.

