चंपई सोरेन अस्पताल में भर्ती, TMH में चल रहा इलाज, रघुवर दास ने लिया हालचाल
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री Champai Soren को स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं के चलते जमशेदपुर स्थित टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया है। परिजनों ने देर रात उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए है।

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री Champai Soren की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें जमशेदपुर स्थित टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया है. स्वास्थ्य संबंधी कुछ जटिलताओं के कारण परिजनों ने उन्हें मंगलवार देर रात अस्पताल में भर्ती कराया. अस्पताल सूत्रों के अनुसार उनकी स्थिति पर डॉक्टरों की टीम लगातार नजर बनाए हुए है. भर्ती होने के बाद चंपई सोरेन ने स्वयं सोशल मीडिया के माध्यम से अपने स्वास्थ्य की जानकारी साझा की और बताया कि फिलहाल चिंता की कोई गंभीर बात नहीं है तथा वे पहले से बेहतर महसूस कर रहे हैं. इस खबर के सामने आने के बाद उनके समर्थकों और शुभचिंतकों में चिंता का माहौल देखा गया और लगातार उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामनाएं की जा रही हैं.
इसी बीच झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री Raghubar Das भी टाटा मेन हॉस्पिटल पहुंचे और चंपई सोरेन का हालचाल जाना. दोनों नेताओं के बीच अस्पताल में संक्षिप्त बातचीत भी हुई. रघुवर दास ने उनके स्वास्थ्य को लेकर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि वे तेजी से रिकवरी कर रहे हैं और जल्द ही सामान्य जीवन में लौट आएंगे. उन्होंने मरांग बुरु से चंपई सोरेन के शीघ्र स्वस्थ होने और पुनः जनसेवा में सक्रिय होने की कामना भी की. इस मुलाकात के बाद राजनीतिक हलकों में भी इस खबर को लेकर चर्चा तेज हो गई है, हालांकि फिलहाल सभी की नजरें उनके स्वास्थ्य सुधार पर टिकी हुई हैं.



