प्रेम प्रसंग में खूनी मोड़: युवती ने प्रेमी संग मिलकर फेंके बम, 2 गिरफ्तार
रांची के मांडर थाना क्षेत्र के बोन्डो गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। एक युवती ने अपने वर्तमान प्रेमी के साथ मिलकर पूर्व प्रेमी के घर पर देशी बम से हमला किया। घटना में एक बम फटा जबकि तीन बम नहीं फटे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Ranchi: राजधानी रांची के मांडर थाना क्षेत्र अंतर्गत महुवा जाड़ी पंचायत के बोन्डो गांव में सोमवार देर रात सनसनीखेज घटना सामने आई. जानकारी के अनुसार, एक युवती ने अपने वर्तमान प्रेमी के साथ मिलकर अपने पूर्व प्रेमी के घर पर चार देशी बम फेंके. इस दौरान एक बम फट गया जबकि तीन बम नहीं फट पाए. विस्फोट से घर की एस्बेस्टस शीट क्षतिग्रस्त हो गई और पूरे इलाके में दहशत फैल गई. घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मांडर थाना प्रभारी और डीएसपी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया.
सुबह मिला बम का सुराग, पुलिस ने किया निष्क्रिय
पीड़ित कुलदीप खलखो ने मांडर थाना में मामला दर्ज कराया है. उन्होंने बताया कि रात करीब 12 बजे तेज धमाके की आवाज सुनाई दी, जिसे पहले उन्होंने ट्रांसफॉर्मर फटने की आवाज समझा. सुबह उठने पर घर की छत और आसपास के क्षेत्र में देशी बम पड़े मिले. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत कार्रवाई करते हुए तीन जिंदा बमों को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया. इसके बाद इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की गई. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की ताकि घटना से जुड़े सुराग जुटाए जा सकें.
प्रेम प्रसंग और रंजिश में हुआ हमला, 2 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस जांच में मामला प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश से जुड़ा पाया गया है. जांच के दौरान पुलिस ने सरिता कुजूर और समीर केरकेट्टा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवती का अपने पूर्व प्रेमी कुलदीप खलखो के साथ डेढ़ साल से संबंध था, लेकिन बाद में वह समीर के साथ चली गई. इसी विवाद के चलते यह हमला किया गया. पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा.



