जैप-09 के पास सार्वजनिक सड़क पर कब्जे का आरोप, ग्रामीणों ने थाने में लगाई गुहार
साहिबगंज के जैप-09 के समीप टोगरी टोला जाने वाले सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने जिरवाबाड़ी थाना में शिकायत दर्ज कराई.

Sahibganj : जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-28 स्थित जैप-09 के समीप टोगरी टोला जाने वाले सार्वजनिक मार्ग पर कथित अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है. सोमवार को दर्जनों ग्रामीण जिरवाबाड़ी थाना पहुंचे और लिखित आवेदन देकर सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की. ग्रामीणों का कहना है कि सार्वजनिक मार्ग पर अवैध निर्माण कर आवागमन बाधित कर दिया गया है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
सार्वजनिक मार्ग पर दीवार निर्माण का आरोप
ग्रामीणों के अनुसार, टोगरी टोला जाने वाले वर्षों पुराने सार्वजनिक रास्ते पर गांव के ही मोहरा मुंडा, सोहर मुंडा, राजेश मुंडा सहित अन्य लोगों द्वारा सड़क के बीचों-बीच दीवार खड़ी कर दी गई है. इससे ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो गया है. लोगों का कहना है कि यह मार्ग पूरे गांव के लिए महत्वपूर्ण है और लंबे समय से आम उपयोग में रहा है. मामले को लेकर जिरवाबाड़ी थाना के अलावा नगर परिषद और साहिबगंज डीसी को भी लिखित शिकायत सौंपकर उचित कार्रवाई की मांग की गई है.
जांच कर अतिक्रमण हटाने की मांग
टोगरी टोला के प्रधान सुरजी मड़ैया ने बताया कि जैप-09 के निकट पत्रकार परवीन के घर के पास से गुजरने वाले सार्वजनिक मार्ग को मोहरा मुंडा और उनके परिवार के लोगों द्वारा दीवार बनाकर बंद कर दिया गया है. उन्होंने कहा कि प्रशासन को मामले की गंभीरता से जांच कर अतिक्रमण हटाना चाहिए तथा सड़क को आम लोगों के आवागमन के लिए जल्द से जल्द चालू कराया जाना चाहिए. आवेदन देने वालों में राजकुमार उरांव, उषा देवी, सातवा देवी, सोनू देवी, आलो देवी सहित दर्जनों ग्रामीण शामिल थे.


