गिरिडीह में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर, दो जगहों पर लोगों को रौंदा, दुकान में घुसकर रुकी गाड़ी
धनबाद से पचम्बा की ओर आ रही स्कॉर्पियो ने बिशनपुर से लेकर पचम्बा बाजार तक दो अलग-अलग स्थानों पर लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. इस हादसे में दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.

Giridih: जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र में बीती रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने जमकर तांडव मचाया. धनबाद से पचम्बा की ओर आ रही स्कॉर्पियो ने बिशनपुर से लेकर पचम्बा बाजार तक दो अलग-अलग स्थानों पर लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. इस हादसे में दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में चालक समेत कुल आठ लोग सवार थे. सबसे पहले बिशनपुर के पास वाहन ने एक व्यक्ति को टक्कर मारी, लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और तेज गति से पचम्बा बाजार की ओर बढ़ गया. बाजार क्षेत्र में पहुंचते ही स्कॉर्पियो ने एक मासूम बच्चे को कुचल दिया. इसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी कई दोपहिया गाड़ियों को क्षतिग्रस्त करता हुआ एक दुकान में जा घुसा, जिससे दुकान को भी भारी नुकसान पहुंचा.
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों और व्यापारियों की मदद से घायल बच्चे को तुरंत सदर अस्पताल गिरिडीह ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए धनबाद रेफर कर दिया गया.
स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि दुर्घटना इतनी भयावह थी कि स्कॉर्पियो सीधे दुकानों में घुस गई. उनका कहना है कि यदि उस समय दुकानों के बाहर ग्राहक मौजूद होते, तो जान-माल का नुकसान और भी बढ़ सकता था. व्यापारियों ने प्रशासन से आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
घटना की सूचना मिलते ही पचम्बा थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया. चालक, जिसकी पहचान खरगडीहा निवासी के रूप में हुई है, को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. वाहन में सवार अन्य सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं, जिन्हें बाद में दूसरी गाड़ी से धनबाद भेज दिया गया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.



Leave a comment